एशिया कप 2025 के लिए सोमवार को घोषित हुई भारतीय टीम में सबसे बड़ा बदलाव उपकप्तान को लेकर देखने को मिला। चयनकर्ताओं ने शुभमन गिल को नई जिम्मेदारी सौंपी है। अब वे कप्तान सूर्यकुमार यादव के डिप्टी के तौर पर टी20 टीम में दिखेंगे। मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि गिल पहले भी श्रीलंका दौरे पर T20I उपकप्तान रह चुके हैं। उसके बाद टेस्ट और वनडे व्यस्तताओं की वजह से वह टी20 प्रारूप से दूर हो गए थे। अब जब नया टी20 विश्व कप चक्र शुरू हो रहा है, तो उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी देना रणनीति का अहम हिस्सा है।
अगरकर ने कहा- कोच-कप्तान तय करेंगे
गिल की हालिया आईपीएल 2025 में धमाकेदार फॉर्म ने भी इस फैसले को मजबूती दी। गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए उन्होंने 650 रन ठोके, औसत 50 से ज्यादा रहा और कई अहम पारियां खेलीं। यही प्रदर्शन उन्हें फिर से उपकप्तानी तक ले आया। अगरकर ने यह भी स्पष्ट किया कि गिल की वापसी के साथ ओपनिंग संयोजन में बदलाव देखने को मिलेगा। पहले संजू सैमसन ओपनिंग कर रहे थे, लेकिन अब गिल और अभिषेक शर्मा को संभावित जोड़ी माना जा रहा है। हालांकि, इसका अंतिम निर्णय कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच करेंगे।
अक्षर पटेल
- फोटो : PTI
सूर्यकुमार ने कही यह बात
वहीं, भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अक्षर की जगह गिल को उप-कप्तान क्यों बनाया गया। उन्होंने कहा, 'उन्होंने पिछली बार भारत के लिए टी20 मैच तब खेला था, जब हम टी20 विश्व कप के बाद श्रीलंका गए थे, जिम्बाब्वे नहीं। मैं कप्तान था, वह उप-कप्तान थे, और यहीं से हमने टी20 विश्व कप के लिए नया चक्र शुरू किया। उसके बाद, वह टेस्ट सीरीज में व्यस्त हो गए। इसलिए, उन्हें टी20 में कहीं भी खेलने का मौका नहीं मिला क्योंकि वह टेस्ट क्रिकेट और चैंपियंस ट्रॉफी खेलने में व्यस्त हो गए। अब वह टीम में हैं और टीम उन्हें पाकर खुश है।'
नौ सितंबर से शुरू होगा एशिया कप
एशिया कप टी20 की शुरुआत नौ सितंबर से होगी और फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा, जबकि 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। अगले साल टी20 विश्व कप खेला जाना और इसकी तैयारी की शुरुआत भारतीय टीम इसी टूर्नामेंट के जरिये करेगी। टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत करीब 20 टी20 मैच खेलेगा।
भारतीय टीम
- फोटो : PTI
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह।
रिजर्व: प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर।