टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा लगभग तीन महीने बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। इससे पहले जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के लिए खेले थे। यहां चोटिल होने के बाद भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे में जडेजा भारतीय टीम के साथ नहीं थे और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दौरान वे एनसीए में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे। अब भारतीय टीम में वापसी के बाद जडेजा ने बताया है कि उन्हें चोट से उबरने में इतना लंबा समय क्यों लगा।
बीसीसीआई ने जडेजा के साथ बातचीत का एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने बताया "भारतीय टीम में वापस आना अच्छा है और वाकई में टी-20 सीरीज और टेस्ट सीरीज खेलने के लिए देख रहा हूं। दो या ढाई महीने बाद भारतीय टीम में वापस आना और मैच खेलने का मौका मिलना बहुत अच्छा अनुभव होता है।" उन्होंने आगे बताया कि वे एनसीए में अपना रिहैब ठीक तरीके से पूरा करना चाहते थे, ताकि वे पूरी तरह से फिट हो जाएं और उन्हें दोबारा चोट न लगे। इसी वजह से उन्हें चोट से उबरने में लंबा समय लगा।
क्या बोले जडेजा?
जडेजा ने कहा "मैं अपने रीहैब को लेकर बहुत ज्यादा ध्यान दे रहा था। मैं राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहा था। इसलिए मैं आगामी सीरीज को लेकर काफी उत्साहित हूं। मैं बैंगलोर में प्रैक्टिस कर रहा था, अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर काम कर रहा था। मैं लय में था। आज यहां आकर पहले प्रैक्टिस सेशन में शामिल होकर काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं।"
जडेजा के अलावा जसप्रीत बुमराह भी श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद बुमराह को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में आराम दिया गया था। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में विराट कोहली और ऋषभ पंत को आराम दिया गया है। इन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में कप्तान रोहित और कोच द्रविड़ को बुमराह और जडेजा से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में मध्यक्रम बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज दीपक चाहर भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। ये दोनों खिलाड़ी चोटिल होकर पहले मैच से बाहर हो चुके हैं। सीरीज के बाकी दोनों मैच से पहले भी इन दोनों का फिट होना मुश्किल है।