भारत के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली में हार के लिए बल्लेबाजी को जिम्मेदार ठहराया। मैच के बाद धोनी ने कहा कि लगातार विकेट गिरना हार का कारण है। उन्होंने कहा कि रात में धीमे विकेट पर बल्लेबाजी करते वक्त छोटी-छोटी साझेदारी करना आपके लिए अच्छा रहता है लेकिन जब एक साझेदारी बड़ी हो रही हो और ऐसे में विकेट गिर जाए तो आपको फिर से शुरुआत करनी पड़ती है। हम साझेदारी नहीं कर पाए और यही हार का कारण बना।
जब विकेट गिरते हैं तब आप पर दबाव आ जाता है। ऐसे में कई बार आपको बड़े शॉट्स खेलने पड़ते हैं। हम 50 ओवर नहीं खेल पाए, लेकिन धीमे और कम उछाल वाले विकेट में ऐसा होता है। धोनी ने कहा कि ओस ने मैच पर ज्यादा प्रभाव नहीं डाला। लेकिन पिच समय के साथ धीमी होती गई। पिच में थोड़ा दोहरा उछाल था।
पांड्या की बल्लेबाजी के बार में धोनी ने कहा कि पांड्या ने अच्छी कोशिश की लेकिन एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट खो बैठे। धोनी ने कहा कि वह समय के साथ सीख जाएगा कि मैच में कब अटैक करना है और मैच को कैसे आखिर तक ले जाना है।