कौन हैं सुयश शर्मा?
सुयश शर्मा ने दिल्ली में जूनियर लेवल पर काफी क्रिकेट खेला है। अपनी शानदार गुगली और तेज गति की लेग स्पिन गेंदबाजी के कारण वह कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की नजरों में आए थे। कोलकाता के टैलेंट स्काउट ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और फिर आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में खरीद लिया।
सुयश शर्मा दिल्ली के भजनपुरा के रहने वाले हैं। वह तीन भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके बड़े भाई और बड़ी बहन परिवार चलाने में योगदान देते हैं। सुयश के बड़े भाई भी क्रिकेटर रहे थे, लेकिन इस खेल में अपना करियर नहीं बना पाए। ऐसे में उन्होंने यह तय किया कि सुयश हर हाल में अपना सपना पूरा करें। इस वजह से बड़े भाई ने उनकी काफी मदद की। सुयश पहले बल्लेबाज थे, लेकिन बाद में उन्होंने लेग स्पिनर बनने का फैसला किया।
सुयश काफी कम उम्र से ही क्रिकेट खेलने लगे थे और स्थानीय क्लब क्रिकेट में अपना नाम बनाया। दिल्ली के पूर्व क्रिकेटर नाथ ने सात साल पहले उन्हें देखा था और उनकी गेंदबाजी से काफी प्रभावित हुए थे। उन्हें दिल्ली के एक कोच सुरेश बात्रा ने सुयश के बारे में बताया था। नाथ ने ट्रायल के लिए सुयश को बुलाया और डीडीसीए लीग में देना बैंक की टीम में उनका चयन हो गया। यहां उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और टीम के लिए खेलने लगे। इस समय उन्हें स्टायपेंड के रूप में कुछ रुपये मिलते थे। वह शुरुआत से ही काफी अच्छी गुगली करते थे और तेज गति से गेंदबाजी करते थे। इस वजह से उनकी गेंदों को हाथ से समझना मुश्किल होता है।
कोरोनाकाल से पहले सुयश दिल्ली की अंडर-19 टीम के साथ जुड़े हुए थे, लेकिन क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उनकी मां ने 2020 में तय किया की वह अब क्रिकेट छोड़ देंगे और किसी दूसरी फील्ड में अपना करियर बनाएंगे। करतार नाथ के कहने पर उनकी मां ने सुयश को थोड़ा समय दिया और उन्हीं के कहने पर डीडीसीए क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्य गुरशरण सिंह ने उनका नाम दिल्ली की टीम के लिए सुझाया।
सुयश के डॉक्यूमेंट में कुछ कमी थी, लेकिन डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने यह समस्या सही कर दी और सुयश दिल्ली की अंडर-25 टीम का हिस्सा बन गए। यहां वह कुछ खास नहीं कर सके। हालांकि, उनकी गुगली से दिल्ली की अंडर-25 टीम के कोच पंकज सिंह भी काफी प्रभावित थे और अभिषेक नायर से बात करके उन्हें कोलकाता नाइटि राइडर्स के कैंप में शामिल कराया।
कोलकाता के कैंप में सभी बल्लेबाजों को सुयश की गेंद पढ़ने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में उनका नाम आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन के लिए दिया गया। यहां कोलकाता के अलावा किसी टीम ने उन पर बोली नहीं लगाई और वह 20 लाख रुपये की कीमत में कोलकाता का हिस्सा बन गए। टूर्नामेंट के दूसरे मैच में ही टॉस के दौरान कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा ने साफ कर दिया था कि सुयश यह मैच खेल रहे हैं। सुयश शुरुआती प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इंपैक्ट प्लेयर के रूप में वह टीम के साथ जुड़े और वरुम चक्रवर्ती के साथ मिलकर आरसीबी के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। इस मैच में तीन विकेट लेने के बाद वह चर्चा में आ गए हैं और अब सभी की निगाहें उन पर होंगी। अगर वह आगे भी अच्छा प्रदर्शन कर पाए तो देश की टी20 टीम में भी जगह बना सकते हैं। 19 साल के सुयश के पास अपने खेल को और बेहतर करने के लिए भरपूर समय भी है।