आईपीएल में कैसे पहुंचे
अफगानिस्तान के लिए सात वनडे में 14 विकेट और सिर्फ 5.79 के इकोनॉमी रेट से रन देने वाले नवीन कम समय में ही आईपीएल फ्रेंचाइजी की नजरों में आ गए। उन्होंने अब तक 27 टी20 में अपने देश के लिए 34 विकेट लिए हैं और 8.11 के इकोनॉमी रेट से रन दिए हैं। वह दुनियाभर की टी20 लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। इसी वजह से आईपीएल ऑक्शन में भी नीलामी के लिए उनका नाम शामिल किया गया। हालांकि, लखनऊ के अलावा किसी भी टीम ने उन पर दांव नहीं लगाया और वह अपने बेस प्राइस 50 लाख में बिक गए। आईपीएल में उन्होंने अब तक चार मैचों में सात विकेट लिए हैं और सिर्फ 6.12 के इकोनॉमी रेट से रन दिए हैं, लेकिन वह कोहली के साथ विवाद के बाद चर्चा में आए हैं।
पहले भी रहा विवादों से नाता
नवीन पहले भी विवादों में रहे हैं। श्रीलंका प्रीमियर लीग के छठे मैच में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और नवीन के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। कैंडी टस्कर्स ने इस मैच में गाले ग्लैडिएटर्स को 25 रनों से हरा दिया था। मैच के दौरान नवीन को ग्लैडिएटर्स के गेंदबाज मोहम्मद आमिर को अपशब्द बोलते हुए देखा गया। ऐसे में मुनाफ पटेल सहित टस्कर्स के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने युवा अफगान गेंदबाज को हाथापाई से बचाने की कोशिश की, लेकिन नवीन भिड़ने के लिए तैयार थे। मैच के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे तब अफरीदी और नवीन एक-दूसरे के सामने आए। अफरीदी ने मुस्कुराते हुए नवीन से पूछा कि वह आमिर से क्या कह रहे थे। जवाब में नवीन ने विशेष रूप से अपमानजनक जवाब दिया, जिसके बाद अफरीदी आगबबूला हो गए थे।
विराट से कैसे भिड़े
लखनऊ और बैंगलोर के मैच में विराट कोहली ने दौड़ते हुए नवीन उल हक से कुछ कहा। इसके जवाब में नवीन ने भी कुछ कहा। इसके बाद दोनों के बीच काफी बहस हुई। मैच के बाद जब दोनों खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे, तब भी विराट और नवीन उल हक भिड़ गए। विराट कोहली नवीन से काफी सीनियर खिलाड़ी हैं, लेकिन नवीन ने कभी भी अपने सीनियर का सम्मान नहीं किया। इसी वजह से उनकी आधी मैच फीस काट ली गई।