कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ मैच खेलने से पहले स्टुअर्ट बिन्नी ने 3 टेस्ट मैच खेल लिए थे लेकिन उनके खाते में एक भी विकेट दर्ज नहीं था। उनके करियर के चौथे मैच के दूसरे दिन उनके पास पहला टेस्ट विकेट हासिल करने का मौका भी मिल गया, लेकिन तब उनकी किस्मत ने अचानक दगा दे दिया।
दूसरे दिन गेंदबाजी में उतरते ही बिन्नी को श्रीलंकाई बल्लेबाज ओपनर कौशल सिल्वा को आउट करने का मौका मिला लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। हुआ यूं था कि मैच के नौंवें ओवर में बिन्नी के ओवर में जब गेंद सिल्वा के बल्ले से लगकर विकेट के पीछे गई और कैच हो गई तब सिल्वा 14 रन पर खेल रहे थे। लेकिन यह गेंद नो बॉल हो गई और कौशल को जीवनदान मिल गया। इस जीवनदान का फायदा उन्होंने उठाया और फिफ्टी ठोक डाली।
कोलंबो टेस्ट के पिछले दो दिन के खेल में स्टुअर्ट बिन्नी के साथ काफी-कुछ हुआ। नो बॉल के कारण पहला टेस्ट विकेट हासिल करने का मौका गंवाने वाले इस ऑलराउंडर की पिछली रात बड़ी मुश्किल से कटी होगी।