विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन एक दिलचस्प वाकया हुआ, जब सिराज ने गेंदबाजी करते समय गेंद स्टीव स्मिथ की तरफ जान बूझकर फेंक दिया। स्मिथ ने दूसरे दिन की शुरुआत 95 रन से की और दिन के पहले ही ओवर में सिराज की दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर अपना शतक पूरा किया।
सिराज अपने ओवर की चौथी गेंद करने के लिए तैयार थे, वह पूरा रन-अप लेकर गेंद डालने आए। हालांकि, उनके गेंद फेंकने से ठीक पहले स्मिथ हट गए। ऐसे में सिराज ने गुस्से में गेंद उनकी तरफ फेंक दी और पास जाकर कुछ शब्द भी कहे। स्मिथ ने भी उनका जवाब दिया। दरअसल स्मिथ को स्पाइडर कैमरे से थोड़ी परेशानी हो रही थी। इसी वजह से वह गेंद खेलने से ठीक पहले हट गए। भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने इस मामले पर सिराज की कड़ी निंदा की है।
गावस्कर ने कहा- यह हो क्या रहा है, यह अभी दिन की बस दूसरी-तीसरी गेंद ही है और अभी से सिराज अपना आपा खो रहे हैं। भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने भी इस वाकये पर स्टीव स्मिथ का पक्ष लेते हुए कहा,"स्मिथ को पीछे हटने का पूरा अधिकार है, सिराज को यह अच्छा नहीं लगा तो क्या। यह उनकी पिछली दो गेंद पर चौके लगने की नाराजगी ज्यादा नजर आ रही है। गेंद से पहले रोहित शर्मा भी सिराज से नाखुश थे।"
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने दूसरे दिन का खेल शुरु होने के बाद स्कोर में 142 रन की बढ़ोतरी की और 469 के स्कोर पर पारी को समाप्त किया। मोहम्मद सिराज ने चार विकेट लिए।
भारत ने टी ब्रेक से पहले 10 ओवर खेले, जिसमें उन्हें कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल के रूप में भारत को दो बड़े झटके लगे। इस मैच में दो दिन का खेल खत्म हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 469 रन बनाए हैं। जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पांच विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी ऑस्ट्रेलिया 318 रन से पिछड़ रही है। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 269 रन यानी अभी 118 रन और बनाने हैं।