दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को 10 विकेट से रौंदकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 484 रन बनाकर घोषित की थी।
जवाब में बांग्लादेश की टीम 182 रन पर सिमट गई। फॉलोआन खेलने उतरी बांग्लादेश के लिए कप्तान मुशफिकुर रहीम 116 रन बनाकर पारी की हार तो टालने में कामयाब रहे, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
रहीम ने मोहमदुल्लाह के साथ पांचवें विकेट के लिए 130 रन की अहम साझेदारी कर टीम को चौथे ही दिन हारने से बचाया था। अंतिम दिन पांच विकेट पर 256 रन से आगे खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम 319 रन पर सिमट गई। आखिरी चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
वेस्टइंडीज को इस तरह जीत के लिए 13 रन का लक्ष्य मिला जो उसने बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया।