वेस्टइंडीज ने अगले महीने होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलना है।
कैरीबियाई टीम में तेज गेंदबाज केमार रोच की लंबे समय बाद वापसी हुई है। वेस्टइंडीज क्रिकेट के चयनकर्ताओं के चेयरमैन कोर्टनी ब्राउन ने कहा, 'रोच ने पिछले 18 महीने से टेस्ट मैच नहीं खेला है। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम में उनकी वापसी हुई है। रोच की वापसी का हम स्वागत करते हैं क्योंकि टेस्ट में वो हमारे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक है और उन्होंने पिछले कुछ समय में शानदार प्रदर्शन किया है।'
ब्राउन ने आगे कहा, 'हो सकता है कि रोच की गति में थोड़ी गिरावट आए, लेकिन उनमें अनुभव और खेलने की शैली अभी भी है जो हमें फायदा दे सकती हैं।' बता दें कि रोच ने वेस्टइंडीज के लिए 37 टेस्ट में करीब 30 की औसत से 122 विकेट चटकाए हैं। वेस्टइंडीज ने काइल होप और ऑलराउंडर रेमोन रिफर को भी मौका दिया गया है।
हालांकि, हैरानी तब हुई जब डैरेन ब्रावो को टीम में नहीं चुना गया। उन्होंने हाल ही में क्रिकेट वेस्टइंडीज के प्रेसीडेंट डेव कैमरन को 'बिग इडियट' कहा था। इसके बाद उन्होंने बोर्ड से माफ़ी भी मांगी थी। दरअसल, पिछले साल ब्रावो अनुबंध से सहमत नहीं थे, जिसके बाद उन्होंने अपना गुस्सा ऐसे निकाला था।
कैरीबियाई टीम को टेस्ट सीरीज के बाद पांच मैचों की वन-डे सीरीज और एकमात्र टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलना है, जिसके लिए नई टीम की घोषणा की जाएगी। टीम की कमान जेसन होल्डर संभालेंगे जबकि क्रैग ब्रैथवेट उपकप्तान होंगे।
वेस्टइंडीज की टीम इस प्रकार है -
जेसन होल्डर (कप्तान), क्रैग ब्रैथवेट (उप-कप्तान), देवेंद्र बिशु, जर्मेन ब्लैकवुड, रोस्टन चेस, मिगुएल कमिंस, शेन डॉरिच, शेनन गेब्रियल, शिमरोन हेटमायर, काइल होप, शाए होप, अल्जारी जोसफ, काइरन पॉवेल, रेमन रिफर और केमार रोच।