वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स ने भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली की तारीफ की है। रिचर्ड्स ने बताया है कि कोहली की गिनती क्यों सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में की जाती है। कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मैच में खेल रहे हैं जो वनडे में उनका 300वां मुकाबला है। कोहली वनडे में 300 या इससे अधिक मैच खेलने वाले भारत के सातवें बल्लेबाज हैं।
वनडे में तेजी से पूरे किए थे 14000 रन
कोहली की लगन और खेल के प्रति जुनून के लंबे समय से प्रशंसक रहे रिचर्ड्स ने मैदान पर अपने प्रदर्शन के जरिए आलोचकों का मुंह बंद करने के लिए भारतीय बल्लेबाज की सराहना की। रिचर्ड्स ने कहा कि कोहली का जुझारू जज्बा, ऊर्जा और जुनून उन्हें क्रिकेट के महानतम और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के वर्ग में रखता है। मालूम हो कि कोहली ने हाल ही में वनडे में सबसे तेजी से 14000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने थे।
कोहली के जुनून के कायल हुए कोहली
रिचर्ड्स ने कहा, मुझे लगता है कि वह वास्तव में हम सभी के सवालों का जवाब देता है। वनडे विश्व कप से पहले वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा था लेकिन फिर उन्होंने शानदार फॉर्म में वापसी की। इसलिए हम जिसके बारे में बात कर रहे थे, यह उस जज्बे का सच्चा प्रमाण है। इसलिए ही मैं उन्हें सर्वश्रेष्ठ और महानतम के वर्ग में रखता हूं। आपको हर दफा ऐसे खिलाड़ी नहीं मिलते जो फॉर्म में नहीं होने के बाद वापसी कर सकें। उनका जुझारू जज्बा, ऊर्जा और अच्छा प्रदर्शन करने का जुनून उन्हें सबसे अलग बनाता है।
रिचर्ड्स ने कहा कि अगर वह अब भी खेल रहे होते तो वह मैदान पर कोहली की ऊर्जा से खेलना पसंद करते। रिचर्ड्स ने कहा, उनकी ऊर्जा उनके जुनून को दर्शाती है। वह हर समय खेल में अपनी भागीदारी से आपको दर्शाते रहते हैं। उनके अंदर इसके लिए जुनून है। वह हमेशा मैदान पर अपनी मौजूदगी दिखाते रहते हैं, वह इस तरह से शानदार खिलाड़ी हैं।
रिचर्ड्स बोले- कोहली में दिखती है खुद की झलक
जब उनसे उनकी पसंद के बल्लेबाजों के बारे में पूछा गया तो वेस्टइंडीज के इस पूर्व कप्तान ने कहा कि कोहली उन्हें खुद की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा, बहुत सारे बल्लेबाज हैं, पहले आपके पास सचिन तेंदुलकर जैसे क्रिकेटर थे जो अब संन्यास ले चुके हैं। लेकिन मौजूदा समय में विराट कोहली। वह मुझे खुद की याद दिलाते हैं। जो हिम्मत करता है और जीतता है। वह खुद पर भरोसा करता है, हर वक्त 120 प्रतिशत आश्वस्त रहता है और जब भी आक्रामक होने की जरूरत होती है और विरोधियों का सामना करने की जरूरत होती है तो आपको ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत होती है।