गुजरात के बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। दयालन हेमलता और हरलीन देओल खराब फॉर्म से जूझ रही हैं। कप्तान एशले गार्डनर ने आरसीबी के खिलाफ 31 गेंद में 58 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया था। गार्डनर इस सत्र में तीन अर्धशतक लगा चुकी हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग की जरूरत है।
यूपी वारियर्स महिला प्रीमियर लीग के अहम रिटर्न मुकाबले में सोमवार को गुजरात जाएंट्स के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य पिछली हार का बदला चुकता करके जीत की राह पर वापसी का होगा। दोनों के बीच पहला मैच वडोदरा में 16 फरवरी को हुआ था जिसमें गुजरात जाएंट्स ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी।
विज्ञापन
इसके बाद गुजरात को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार दो मैचों में हराया। बंगलुरु में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को हराकर गुजरात ने प्लेआफ की उम्मीदें फिर जीवित की। अब यूपी वारियर्स, आरसीबी और गुजरात जाएंट्स के चार चार अंक हैं और वे तीसरे से पांचवें स्थान पर हैं। यूपी और गुजरात ने आरसीबी से एक मैच कम खेला है और यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है ।
गुजरात के बल्लेबाजों ने किया निराश
गुजरात के बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। दयालन हेमलता और हरलीन देओल खराब फॉर्म से जूझ रही हैं। कप्तान एशले गार्डनर ने आरसीबी के खिलाफ 31 गेंद में 58 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया था। गार्डनर इस सत्र में तीन अर्धशतक लगा चुकी हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग की जरूरत है।
आरसीबी के खिलाफ मैच के बाद गार्डनर ने कहा था, हमने अलग अलग हालात में खेला है और अब हम लखनऊ जा रहे हैं। उम्मीद है कि पावरप्ले में प्रदर्शन बेहतर होगा। हमारे पास विकेट सुरक्षित हों तो हम अच्छा स्कोर बना सकते हैं। यूपी वारियर्स की चिंता का सबब उसकी बल्लेबाजी है जिसके निचले क्रम के बल्लेबाजों ने आक्रामक प्रदर्शन करके अहम भूमिका निभाई है।
यूपी के गेंदबाजों पर रहेगी नजर
पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनके गेंदबाज 142 रन का बचाव नहीं कर सके। दिल्ली कैपिटल्स पर मिली जीत में चिनेले हेनरी और क्रांति गौड ने अच्छा प्रदर्शन किया जबकि आरसीबी पर सुपर ओवर में मिली जीत में सोफी एक्सेलेटोन ने कमाल किया।