पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं। बाबर इन दिनों हर मैच में नया कीर्तिमान हासिल कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा था और सबसे कम पारियों में एक हजार रन बनाने वाले कप्तान बने थे। अब बाबर का नाम फिर से चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार बाबर किसी अच्छी वजह से चर्चा में नहीं हैं। उन्होंने क्रिकेट के नियमों का उल्लंघन किया है और इसका फायदा वेस्टइंडीज की टीम को मिला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज के दूसरे मैच में बाबर ग्लव्स पहनकर फील्डिंग करते नजर आए। इसके बाद अंपायर ने बाबर को ग्लव्स उतारने के लिए कहा और वेस्टइंडीज के पेनाल्टी के रूप में पांच रन दे दिए।
मुफ्त के पांच रन मिलने के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम कोई कमाल नहीं कर सकी और दूसरा मैच 120 रन के बड़े अंतर से हार गई। हालांकि, बाबर के ग्लव्स पहन कर फील्डिंग करने की फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रही है और उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। पाकिस्तान के खिलाड़ी इससे पहले भी कई मौकों पर क्रिकेट के नियमों का उल्लंघन कर चुके हैं और इसका खामियाजा भी भुगता है।