फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI: दूसरे टी20 में भी वेस्टइंडीज से हारा भारत, सीरीज में 0-2 से पीछे; गिल और सूर्यकुमार फिर फेल

Mon, 07 Aug 2023 02:00 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दूसरा टी20 जीतने के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। अब सीरीज में बने रहने के लिए भारत को अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।
 
विज्ञापन
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में भारतीय टीम को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही टीम इंडिया पांच मैच की सीरीज में 0-2 से पीछे हो गई है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 152 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने आठ विकेट खोकर 18.5 ओवर में 155 रन बना लिए और मैच अपने नाम किया। भारत के लिए सबसे ज्यादा 51 रन तिलक वर्मा ने बनाए। हार्दिक ने तीन और चहल ने दो विकेट लिए। वेस्टइंडीज के लिए निकोलस पूरन ने 67 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और अल्जारी जोशेफ ने दो-दो विकेट लिए।
विज्ञापन


सीरीज के शुरुआती दो मैच हारने के साथ ही भारतीय टीम के लिए हर मैच करो या मरो का हो गया है। सीरीज जीतने के लिए भारत को बाकी तीनों मैच अपने नाम करने होंगे। वहीं, वेस्टइंडीज अब एक और मैच जीतते ही सीरीज अपने नाम कर लेगा।

भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने बेहद धीमी शुरुआत की। पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना। दूसरे ओवर में किशन ने एक छक्का लगाया, लेकिन दो ओर के बाद भारत का स्कोर नौ रन था। तीसरे ओवर में गिल ने एक छक्का लगाया और अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अल्जारी जोशेफ का शिकार बने। गिल का खराब फॉर्म जारी रहा और वह सात रन ही बना सके। अगले ही ओवर में काइल मेयर्स ने सटीक थ्रो मारकर सूर्यकुमार यादव को रन आउट कर दिया। सूर्यकुमार ने सिर्फ एक रन बनाया। 

18 रन पर दो विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया बैकफुट पर आ गई। ऐसे में भारत के लिए अपना दूसरा टी20 मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इसके बाद किशन भी 23 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो गए। रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। संजू सैमसन भी सात रन बनाकर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हुए। अकील हुसैन की गेंद पर पूरन ने उन्हें स्टंप आउट किया।

तिलक वर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
तिलक वर्मा का अर्धशतक
भारत ने 76 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। तिलक ने कप्तान हार्दिक के साथ मिलकर भारतीय टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक भी पूरा किया। 20 साल के तिलक रोहित शर्मा के बाद भारत के लिए टी20 में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए हार्दिक के साथ 38 रन जोड़े। तिलक 41 गेंद में पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। अकील हुसैन की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में उन्होंने अपना विकेट गंवाया।

भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया
अर्शदीप-बिश्नोई ने 150 के पार पहुंचाया
अंत के ओवरों में हार्दिक से तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 18 गेंद में दो चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हो गए। अल्जारी जोशेफ ने सटीक यॉर्कर पर उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब अक्षर पटेल आखिरी बल्लेबाज थे। वह भी आखिरी ओवर में शेफर्ड की गेंद को पुल करने के प्रयास में आउट हो गए। अक्षर ने 12 गेंद में 14 रन बनाए। आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह ने एक चौका और रवि बिश्नोई ने एक छक्का लगाकर भारत का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। अंत में टीम इंडिया सात विकेट पर 152 रन बनाने में सफल रही।

भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया
वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत
153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने बेहद खराब शुरुआत की। पारी की पहली ही गेंद पर ब्रेंडन किंग आउट हो गए। हार्दिक ने उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया और सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर जॉनसन चार्ल्स भी हार्दिक का शिकार बने। तिलक वर्मा ने दो रन के निजी स्कोर पर उनका कैच पकड़ा। दो रन के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम संघर्ष कर रही थी। इसके बाद चौथे नंबर पर आए पूरन ने आक्रामक बल्लेबाजी कर पलटवार शुरू किया। उन्होंने मेयर्स के साथ मिलकर हार्दिक के दूसरे ओवर में 17 रन बटोरे। हालांकि, मेयर्स की पारी ज्यादा लंबी नहीं चली और वह सात गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। अर्शदीप ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया।

32 रन पर तीन विकेट गंवाकर वेस्टइंडीज की टीम संघर्ष कर रही थी। ऐसे में पूरन ने लगातार बड़े शॉट खेलकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने पावरप्ले के आखिरी ओवर में रवि बिश्नोई की जमकर धुनाई की और 18 रन बटोरे। पावरप्ले के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 61/3 था। निकोलस पूरन ने कप्तान रोवमन पॉवेल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। इस दौरान उन्होंने 29 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। पॉवेल 19 गेंद में 21 रन बनाकर हार्दिक का तीसरा शिकार बने।

निकोलस पूरन - फोटो : सोशल मीडिया
पूरन ने खेली मैच जिताऊ पारी
पॉवेल के आउट होने के बाद भारत के वापसी करने की उम्मीद जगी, लेकिन पूरन ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 100 रन के पार पहुंचा दिया। वह 40 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। मुकेश कुमार ने उन्हें संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। हालांकि, तब तक वेस्टइंडीज की टीम 153 रन का पीछा करते हुए 126 रन बना चुकी थी और जीत के लिए 30 गेंद में 27 रन की जरूरत थी।
विज्ञापन

भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया
अकील हुसैन-अल्जारी जोशेफ ने खत्म किया मैच
वेस्टइंडीज की पारी का 16वां ओवर करने आए चहल ने मैच पलट दिया। उनके ओवर में पहले रोमारियो शेफर्ड रन आउट हुए। इसके बाद जेसन होल्डर को चहल ने ईशान के हाथों स्टंप आउट कराया और आखिरी गेंद पर शिमरन हेटमायर को भी विकेटों के सामने फंसाया। अब वेस्टइंडीज के आठ विकेट गिर चुके थे। क्रीज पर दो पुछल्ले बल्लेबाज थे और जीत के लिए 24 गेंद में 23 रन की जरूरत थी। हालांकि, अकील हुसैन और अल्जारी जोशेफ ने नौवें विकेट के लिए 17 गेंद में 26 रन की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को सात गेंद रहते जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज की टीम पांच मैच की सीरीज में 2-0 से आगे हो गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें