पिछले मैच की गल्तियों से सीखते हुए भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को 143 रनों पर ढेर कर दिया। वेस्टइंडीज पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही और गेंदबाजों ने पिछले मैच के हीरो रहे दोनों प्रारंभिक बल्लेबाजों को जल्दी वापस पवेलियन लौटा दिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट लेते रहे और वेस्टइंडीज को उबरने का मौका नहीं दिया।
लेग स्पिनर्स के खिलाफ वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है, इसी को ध्यान में रखकर मिश्रा को अंतिम 11 में जगह दी गई थी। बिन्नी की जगह टीम में शामिल किए गए अमित मिश्रा ने कप्तान के निर्णय को सही साबित किया और 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मिश्रा के अलावा अन्य सभी गेंदबाजों ने भी सधा हुआ प्रदर्शन किया। बुमराह , अश्विन और शमी ने 2-2 बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा। वहीं भुवनेश्वर कुमार को एक विकेट हासिल हुआ।
वेस्टइंडीज को पहला झटका चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। समी ने पहले मैच के हीरो रहे एविन लुइस को 7 रनों के स्कोर पर कैच आउट कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। उस वक्त वेस्टइंडीज का स्कोर 27 रन था। कैरेबियाई टीम को दूसरा झटका छठवें ओवर में लगा चार्ल्स मिश्रा की गेंद पर 43 रन पर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजों के आने जाने को जो सिलसिला शुरु हुआ वह अंत तक खत्म नहीं हुआ।
भारत को जीत के लिए 20 ओवर में 144 रन बनाने हैं। खिलाड़ियों के फॉर्म को देखकर लग रहा है कि भारत मैच में जीत हासिल कर 1-1 से बराबरी कर लेगा।