वेस्टइंडज दौरे पर गई इंडिया ए की टीम ने पहले अनाधिकृत टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन के खेल समाप्त होने तक ने इंडिया ए अपनी दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 29 रन बना लिए हैं। टीम को जीत के लिए 68 रनों की दरकार है, जबकि उनके 9 विकेट सुरक्षित हैं।
दूसरे दिन के स्कोर 299/8 से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम अपने स्कोर में मात्र 13 रन ही जोड़ पाई और पहली पारी में 312 रन पर ऑलआउट हो गई। रिद्धिमान साहा 71 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी के आधार पर इंडिया ए को 84 रन बढ़त मिली।
टेस्ट के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम लड़खड़ा गई। विंडीज ने 51 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए। रोस्टन चेस और ब्रुक्स ने तीसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला।
टीम को तीसरा झटका रोस्टन के रूप में 130 के स्कोर पर लगा। उन्होंने 32 रन बनाये। अगले बल्लेबाज ब्लैकवुड और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे शामारह ब्रुक्स ने चौथे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। इस दौरान ब्रुक्स ने अपना अर्धशतक पूरा किया।
ब्रुक्स 159 के स्कोर पर सर्वाधिक 53 रन बनाकर शहबाज नदीम का शिकार बने। इसके बाद पूरी टीम 180 रनों पर सिमट गई। वेस्टइंडीज टीम ने अपने अंतिम 6 विकेट सिर्फ 21 रन के भीतर गंवा दिए। इंडिया ए की ओर से शहबाज नदीम ने 5 जबकि मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट चटकाए।
वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी के आधार पर भारत के सामने 97 रनों का लक्ष्य दिया है। लक्ष्य का पीछा करने इंडिया ए की ओर से उतरे प्रियंक पांचाल और अभिमन्यू ईश्वरन ने पहले विकेट के लिए 29 रन जोड़े। पांचाल 5 रन बनाकर कोर्नवॉल की गेंद पर पवेलियन लौट गए। उनके आउट होते ही तीसरे दिन का खेल समाप्त हुआ।