रविवार को सोशल मीडिया पर भारत में #BringBackPujara और #BringBackRahane ट्रेंड कर रहे थे। फैंस का मानना है कि पुजारा और रहाणे की अनुपस्थिति में भारत के पास ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने का कोई मौका नहीं है। विराट कोहली की अनुपस्थिति में, रहाणे ने 2020-21 सीरीज के दौरान भारत को 2-1 से जीत दिलाई थी, जबकि पुजारा 2018-19 सीरीज में शीर्ष स्कोरर रहे थे। 36 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2020-21 की सीरीज के सभी चार मैचों में भी खेला था और गाबा में खेले गए चौथे टेस्ट में शानदार अर्धशतक लगाया था।
इन दोनों को पिछले साल खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह शुभमन गिल और केएल राहुल/सरफराज खान को क्रमशः नंबर तीन और पांच पर बल्लेबाजी करने को कहा गया था। गिल, राहुल और सरफराज ने हाल फिलहाल में टेस्ट में कुछ बड़ी पारियां जरूर खेली हैं, लेकिन तीनों कंसिस्टेंट नहीं रह पाए हैं। सरफराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 150 रन बनाए, लेकिन सीरीज की बाकी पांच पारियों में कोई खास योगदान देने में नाकाम रहे। गिल का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ था। 25 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2024 में अब तक खेले गए 10 टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाए हैं, लेकिन वह तीन मौकों पर शून्य पर भी आउट हुए हैं। अब फैंस पुजारा और रहाणे की वापसी चाहते हैं। देखें सोशल मीडिया पर आ रहीं प्रतिक्रियाएं...