भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन को लगता है कि मैच पर अभी भारत की पकड़ मजबूत है और तीसरे दिन सुबह के सत्र में विकेट जल्दी चटकाकर टीम जीत सुनिश्चित करेगी। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद अश्विन ने कहा, ‘इस समय कहूं तो मैच में हम आगे हैं। अगर शुक्रवार सुबह हम जल्दी विकेट निकालने में सफल रहे तो मैच पर पूरी तरह हमारी पकड़ हो जाएगी।’
एडीलेड टेस्ट में बाहर बैठे अश्विन ने इस मैच में बढ़िया वापसी की। पहले उन्होंने बैट से 35 रन का अहम योगदान किया और फिर बाद में शेन वाटसन का विकेट लेने के साथ ही डेविड वार्नर और शॉन मार्श जैसे बल्लेबाजों का स्लिप में कैच भी लपका। अश्विन हालांकि मानते हैं कि स्कोर बोर्ड पर भारत के खाते में कुछ और रन होने चाहिए थे।
बकौल अश्विन, ‘मुझे लगता है कि हमें कुछ और रन बनाने चाहिए थे। मैं जिस तरह से आउट हुआ उससे बेहद निराश हूं। लंबे समय बाद मुझे मध्यक्रम में बल्लेबाजी का मौका मिला था लेकिन जिस तरह मैंने अपना विकेट गंवाया वह निराशाजनक है। हालांकि मैंने अपनी पूरी काबिलियत से बल्लेबाजी की। हम 400 रन बनाने में सफल रहे लेकिन कुछ और रन होते तो बढ़िया रहता।’
पहले टेस्ट में उनकी जगह कर्ण शर्मा को चुने जाने के सवाल पर अश्विन ने कहा, ‘क्रिकेट में यह होते रहता है और ऐसा केवल मेरे साथ ही नहीं हुआ है। पूर्व में कई क्रिकेटरों के साथ ऐसा हो चुका है और आगे भविष्य में भी कई के साथ हो सकता है।’