श्रीलंका के क्वालिफाई करने और एक दिन पहले दो बार के विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के बाहर होने के बाद क्वालीफायर टूर्नामेंट के जरिए अब भी तीन टीमों जिंबाब्वे, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है
1996 की चैंपियन रही श्रीलंका क्रिकेट टीम ने रविवार को जिंबाब्वे को आईसीसी के यहां चल रहे क्वालिफायर मुकाबले में जिंबाब्वे को नौ विकेट से हराकर भारत में होने वाले वनडे प्रारूप के विश्वकप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। क्वालिफाइंग दौर से दो टीमों ने जगह बनानी है। क्वालिफायर टूर्नामेंट में अब तक अजेय श्रीलंका के सुपर सिक्स चरण में सर्वाधिक आठ अंक हो गए हैं। वनडे विश्वकप का आयोजन पांच अक्तूबर से होगा। चार मैचों में छह अंक के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद जिंबाब्वे का इस हार के बावजूद अभी क्वालिफाई करने का दावा कायम है लेकिन उसे स्कॉटलैंड और नीदरलैंड की चुनौती मिल रही है। श्रीलंका ने रविवार को महीश तीक्ष्णा (4/25) और मदुशंका (3/15) की गेंदबाजी की मदद से जिंबाब्वे को 32.2 ओवरों में 165 रन पर आउट कर दिया और फिर पाथुम निसांका के नाबाद 101 रन की मदद से 33.1 ओवरों में एक विकेट पर 169 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
विज्ञापन
श्रीलंका के क्वालिफाई करने और एक दिन पहले दो बार के विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के बाहर होने के बाद क्वालीफायर टूर्नामेंट के जरिए अब भी तीन टीमों जिंबाब्वे, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। जिंबाब्वे के चार मैच में छह अंक है। अपने अंतिम मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ हार जिंबाब्वे को टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। स्कॉटलैंड के तीन मैच में चार अंक हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत से स्कॉटलैंड टीम की क्वालिफाई करने की उम्मीदें बढ़ी हैं। टीम अगर अपने बाकी बचे दोनों मैच जीत लेती है तो क्वालिफाई कर सकती। नीदरलैंड के तीन मैच में दो अंक हैं और विश्व कप में जगह बनाने के लिए उसे ओमान और स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने बाकी बचे दो मैच में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। जिंबाब्वे, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के बीच होड़ में नेट रनरेट भी अहम भूमिका निभा सकती है।