दक्षिण अफ्रीका मे चल रही चैंपियंस लीग टी-20 के बीच में ही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड अपने आलराउंडर और सिडनी सिक्सर्स के खिलाड़ी शेन वाटसन को स्वदेश बुला सकता है। वाटसन को आस्ट्रेलियाई बोर्ड किसी भी हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में रखना चाहती है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा, ‘मैं इस बारे में पूरी जानकारी नहीं दे सकता लेकिन हम लगातार क्रिकेट खेल रहे वाटसन की चोट और फार्म को लेकर चिंतित हैं।’ वाटसन चैंपियंस लीग में आस्ट्रेलिया की घरेलू टीम सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेल रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार वाटसन स्वदेश वापसी से पहले अपनी टीम सिडनी के लिए दो और मैच खेलेंगे।