वनडे विश्व कप 2023 का आयोजन पांच अक्तूबर से भारत में होना है। आईसीसी के नियम के अनुसार इस टूर्नामेंट के लिए पांच सितंबर तक सभी टीमों का एलान होना जरूरी है। कई देशों की टीमों का एलान हो चुका है, लेकिन अब तक मेजबान भारत की टीम का एलान नहीं हुआ है। बीसीसीआई जल्द ही वनडे विश्व कप के लिए टीम का एलान कर सकता है। इसी टीम में 27 सितंबर तक बदलाव किए जा सकेंगे। भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने वनडे विश्व कप 2023 टीम में सूर्यकुमार यादव की जगह तिलक वर्मा को शामिल करने की वकालत की है।
एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ भारत के मैच से पहले एक स्पोर्ट्स वेबसाइट से बात करते हुए जाफर ने कहा कि सूर्यकुमार वनडे प्रारूप में जो मौके दिए गए थे, उनमें वे सफल नहीं रहे हैं। भारत की संभावित विश्व कप टीम के बारे में पूछे जाने पर, जाफर ने कहा कि यह वैसी ही होगी जैसी एशिया कप 2023 के लिए थी। उन्होंने दो बदलावों की सलाह दी और कहा कि प्रसिद्ध कृष्णा और सूर्यकुमार यादव शायद टीम में जगह नहीं बना पाएंगे।
जाफर ने कहा "मैं शायद प्रसिद्ध कृष्णा को टीम से बाहर कर दूंगा और तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव के बीच चयन करना कठिन होगा। मैं तिलक वर्मा को चुनूंगा, भले ही उन्होंने भारत के लिए बिल्कुल भी वनडे क्रिकेट नहीं खेला है। लेकिन यह देखते हुए कि वह किस तरह से बल्लेबाजी करते हैं और खेलते हैं, मुझे लगता है कि वह वनडे क्रिकेट के लिए अधिक उपयुक्त है। सूर्यकुमार में काफी संभावनाएं हैं और कई मौके मिलने के बावजूद उन्होंने वनडे क्रिकेट के कोड को क्रैक नहीं किया है।"
जाफर ने कहा कि भारतीय टीम को लेकर चिंताएं थीं, लेकिन उन्हें लगा कि टीम ठीक होगी। जाफर ने कहा "केवल चिंता की बात यह थी कि क्या जसप्रीत बुमराह 10 ओवर गेंदबाजी कर पाएंगे, जो हमें देखने को नहीं मिला। लेकिन मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हैं, क्योंकि उन्होंने आयरलैंड में अच्छा खेला है। केएल राहुल अभी तक नहीं खेले हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि एक बार वह फिटनेस टेस्ट पास कर लेंगे फिर देखने वाली बात होगी कि उन्हें खेलने का मौका मिलता है या नहीं। मुझे नेपाल और फिर बाद में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ज्यादा बदलाव होते नहीं दिख रहे हैं।"