अकरम ने अपने शुरुआती अंतरराष्ट्रीय करियर का बड़ा हिस्सा इमरान की कप्तानी में खेला। अपनी आत्मकथा में अकरम ने कई किस्से भी साझा किए हैं, जिसमें बताया गया है कि कैसे इमरान खान संन्यास लेने के कई वर्षों बाद भी उनके पसंदीदा व्यक्ति बने रहे।
वसीम अकरम ने पीसीबी की आलोचना करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- लंबी उड़ानों और कई घंटों के सफर के बाद श्रीलंका पहुंचने पर मुझे अपने जीवन का सबसे बड़ा झटका तब लगा जब मैंने महान इमरान खान को छोड़कर पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास पर पीसीबी की छोटी क्लिप देखी। राजनीतिक मतभेद अलग हैं, लेकिन इमरान खान विश्व क्रिकेट के प्रतीक हैं और अपने समय में पाकिस्तान को एक मजबूत इकाई के रूप में विकसित किया और हमें एक रास्ता दिया। पीसीबी को वीडियो हटा देना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, इस पूरे वीडियो में वह शख्स कहीं नहीं है, जिसने पाकिस्तान को 1992 में पहली बार विश्व कप जिताया था। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान वीडियो में कहीं नजर नहीं आए। इससे पीसीबी को सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। लोग पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- इतिहास बनाना सिर्फ एक दिन का खेल नहीं है। यह उन किंवदंतियों के बारे में है जिन्हें हम बनाते हैं और जो कहानियां हम लिखते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम - एक विरासत जो समय के साथ गूंजती है।
इस वीडियो में पाकिस्तान क्रिकेट के सभी दिग्गजों को दिखाया गया है, जिन्होंने इतिहास रचने और पाकिस्तान क्रिकेट को ऊपर उठाने में मदद की। इस क्लिप में जावेद मियांदाद, वसीम अकरम, शोएब अख्तर, वकार यूनिस, शाहिद अफरीदी और बाबर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि 1992 वर्ल्ड कप फाइनल की जीत, 2009 टी20 विश्व कप की जीत और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत पर जीत के पल दिखाए गए हैं।