नॉर्थम्पटनशायर द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पृथ्वी शॉ इंग्लैंड में एक्शन से भरपूर वन-डे कप में आगे नहीं खेल पाएंगे। स्कैन रिपोर्ट से पता चला है कि शॉ को लगी चोट उम्मीद से ज्यादा गंभीर है। उनकी चोट पर नजर रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मेडिकल टीम शुक्रवार को लंदन में एक स्पेशलिस्ट से संपर्क करेगी। नॉर्थम्पटनशायर के मुख्य कोच जॉन सैडलर ने कहा- पृथ्वी ने हम पर बहुत बड़ा प्रभाव डाला है। यह बहुत दुख की बात है कि वह इस प्रतियोगिता के शेष बचे मैचों में हमारे साथ नहीं रहेंगे। वह एक अत्यंत विनम्र स्वभाव के खिलाड़ी हैं। उनके लिए हमारे मन में काफी सम्मान है। हम आभारी हैं कि उन्होंने नॉर्थम्पटनशायर का प्रतिनिधित्व किया।
भारत के सलामी बल्लेबाज ने पिछले हफ्ते काउंटी ग्राउंड में समरसेट के खिलाफ नॉर्थम्पटनशायर के लिए छठा सबसे बड़ा एकदिवसीय स्कोर (244 रन) बनाया था। वह वनडे कप के इतिहास में 150 से अधिक का स्कोर दर्ज करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। समरसेट पर नॉर्थम्पटनशायर की 87 रन की जीत में पृथ्वी ने 153 गेंदों में 28 चौके और 11 छक्के की मदद से 244 रनों की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली थी। इसके बाद इस स्टार बल्लेबाज ने डरहम के खिलाफ एक बार फिर शानदार शतक बनाया। तब उन्होंने 76 गेंदों में 125 रन की पारी खेली। 23 वर्षीय पृथ्वी ने अपनी पारी में 15 चौके और सात छक्के लगाए थे।
कोच सैडलर ने कहा- मैदान पर उनके प्रदर्शन के साथ-साथ हमारे ड्रेसिंग रूम में भी उनका बहुत बड़ा प्रभाव था। कोई भी उनसे अधिक मैच जीतने की तमन्ना नहीं रखता था और उन्होंने इस टीम को जीत दिलाने काफी योगदान दिया। हम उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द ही फिर से रन बनाते दिखेंगे।