पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी वसीम अकरम को मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर बेइज्जती का सामना करना पड़ा है। उन्हें इंसुलिन लेकर सफर करने की वजह से एयरपोर्ट अधिकारीयों द्वारा अपमानित किया गया।
1992 में वर्ल्ड कप जीतने वाली पाकिस्तान टीम का हिस्सा रहे अकरम ने मंगलवार को ट्वीट कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने खुद को अपमानित बताते हुए लोगों के सामने इस मामले को उठाया।
अकरम ने ट्वीट करते हुए कहा 'आज मैनचेस्टर हवाई अड्डे पर बहुत निराशा हुई, मैं अपने इंसुलिन के साथ दुनिया भर में यात्रा करता हूं, लेकिन मुझे कभी भी इस तरह से शर्मिंदा नहीं होना पड़ा। मुझे बहुत अपमानित महसूस हुआ क्योंकि मुझसे बहुत बुरी तरह से पूछताछ की गई और सार्वजनिक रूप से अपने इंसुलिन को बैग से निकालकर एक प्लास्टिक के थैले में फेंकने को कहा गया।
53 साल के अकरम हाल ही में संपन्न हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप में कमेंटरी पैनल में थे। अकरम पाकिस्तान के एक सफलतम क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 900 से अधिक विकेट चटकाए और 6000 से अधिक रन भी बनाए थे।