करियर प्रभावित करने वाली कंधे की चोट से उबरने के बाद भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा भारत ए की तरफ से वेस्टइंडीज ए के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैच से 18 महीने बाद प्रथम श्रेणी मैचों में वापसी करेंगे।
भारत ए टीम में दो टेस्ट विशेषज्ञों साहा और हनुमा विहारी को शामिल किया गया है ताकि वे अगस्त के आखिरी में शुरू हो रहे दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए तैयारी कर सके। साहा तीन महीने में 35 साल के हो जाएंगे और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में उपचार के दौरान गलत देख-रेख के कारण उनकी चोट काफी गंभीर हो गई थी। फिट होने के बाद लगभग 35 साल के इस खिलाड़ी के लिए वापसी करना काफी मुश्किल होगा।
करियर के ज्यादातर समय में महेंद्र सिंह धोनी के दमदार खेल के कारण टीम से बाहर रहने वाले साहा को आईपीएल के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद राष्ट्रीय टीम में ऋ षभ पंत को मौका मिला और उसने इंग्लैंड के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर टीम में अपना दावा मजबूत कर लिया है। ऐसे में साहा एक बार फिर सहायक की भूमिका में दिख सकते हैं।
विहारी भी बड़ी पारी खेल कर सीनियर टीम के मध्यक्रम में अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। सलामी बल्लेबाजों में गुजरात के प्रियांक पंचाल और बंगाल के अभिमन्यू ईश्वरन भी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। उनके बेहतर प्रदर्शन से इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में औसत प्रदर्शन करने वाले लोकेश राहुल पर दबाव रहेगा। भरत को सीरीज के तीसरे मैच में मौका मिलने की संभावना है।