पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर वसीम अकरम ने क्रिकेट से जुड़ी संस्था आईसीसी और बाकी देशों के क्रिकेट बोर्ड से वनडे क्रिकेट को खत्म करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब यह फॉर्मेट एक बोझ की तरह लगता है। खिलाड़ियों के लिए 50 ओवर का मैच खेलना काफी थकाऊ होता है। कमेंटेटर के रूप में भी उन्हें यह फॉर्मेट मजेदार नहीं लगता। ऐसा महसूस हो रहा है कि अब इसे जबरन खींचा जा रहा है। टी20 क्रिकेट इसकी तुलना में ज्यादा बेहतर है। उन्होंने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर बेन स्टोक्स का समर्थन किया।
टफर्स क्रिकेट क्लब के पॉडकास्ट में अकरम ने कहा कि वनडे क्रिकेट से बेन स्टोक्स का संन्यास लेना दुखी करने वाला है, लेकिन एक कमेंटेटर के रूप में भी वनडे क्रिकेट अब लंबा फॉर्मेट लगता है। खासकर टी20 के आने के बाद। एक खिलाड़ी के रूप में मैं कल्पना कर सकता हूं। 50 ओवर फिर दूसरे 50 ओवर इसके बाद ओपको प्री गेम, पोस्ट गेम और लंच गेम भी करना है, जो मुश्किल होता है।
टी20 क्रिकेट ज्यादा आसान
वसीम अकरम ने कहा "टी20 तुलनात्मक रूप से आसान है। कुछ घंटों के अंदर ही मैच खत्म हो जाता है। दुनियाभर की खेल लीगों में काफी ज्यादा पैसा है। मुझे लगता है कि आधुनिक क्रिकेट का यह जरूरी हिस्सा है। टी20 या फिर टेस्ट क्रिकेट। वनडे क्रिकेट धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। एक खिलाड़ी के लिए वनडे मैच खेलना काफी थकाने वाला होता है। टी20 के आने के बाद वनडे क्रिकेट ऐसा लगता है कि यह कई दिनों तक चलने वाला है। इस वजह से खिलाड़ी ज्यादा छोटे फॉर्मेट पर ध्यान दे रहे हैं और निश्चित रूप से बड़े फॉर्मेट पर भी।"
अकरम ने कहा कि कई देशों में वनडे मैच के दौरान दर्शक मैदान में भी नहीं पहुंचते हैं। इंग्लैंड में आपको मैदान पूरी तरह से भरे हुए मिलेंगे, लेकिन भारत, पाकिस्तान खासकर श्रीलंका, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका में आपको वनडे मैच के दौरान स्टेडियम खाली दिखेंगे।
अकरम ने आगे कहा "वो इसे कर रहें हैं, क्योंकि करना है। पहले 10 ओवर के बाद यह बस ठीक-ठाक होता है। हर गेंद पर एक रन बनाओ। चार फील्डर बाहर रहते हैं और 40 ओवर में 200 से 220 रन बनते हैं। इसके बाद आखिरी 10 ओवरों में 100 रन बनते हैं। यह एक चक्की चलाने जैसा है। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में एक मैच के अंदर कई लड़ाईयां होती हैं। मैं हमेशा टेस्ट मैच को प्राथमिकता देता हूं। वनडे क्रिकेट मजेदार होते थे, लेकिन टेस्ट क्रिकेट के जरिए ही एक खिलाड़ी के रूप में आपकी पहचान होती थी। मुझे पता है कि पैसा मायने रखता है और मुझे पता है कि वो कहां से आ रहा है, लेकिन आपको यह भी देखना होगा कि क्या आप क्रिकेट महान खिलाड़ी के रूप में याद किए जाना चाहते हैं।"