एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को नौ विकेट से हराकर की। अब उसका सामना रविवार को पाकिस्तान से होगा। इससे पहले रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल युवा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड की काउंटी टीम हैम्पशायर से जुड़ गए। क्लब ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सुंदर चैंपियनशिप सीजन के अंतिम दो मुकाबलों में (समरसेट और सरे के खिलाफ) खेलते नजर आएंगे। हैम्पशायर ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, 'एक ऐसा खिलाड़ी जिस पर हमें पूरा भरोसा है। स्वागत है वॉशी! भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हमारे अंतिम दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों में शामिल होंगे।'
इंग्लैंड के खिलाफ बिखेरी थी चमक
क्लब के क्रिकेट निदेशक गाइल्स वाइट ने कहा, 'हमें वॉशिंगटन को टीम में शामिल करते हुए खुशी है। उन्होंने इस गर्मियों में इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन टेस्ट सीरीज़ खेली और आने वाले दोनों बड़े मैचों में अहम भूमिका निभाएंगे।' सुंदर ने हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच हुई रोमांचक पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 284 रन बनाए, जिसमें मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में उनकी पहली टेस्ट शतकीय पारी शामिल रही, जिसने भारत को मैच बचाने में मदद की। गेंदबाज़ी में उन्होंने सात विकेट भी झटके।
काउंटी क्रिकेट में सुंदर का दूसरा कार्यकाल
यह सुंदर का काउंटी क्रिकेट में दूसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले वे 2022 में लंकाशायर की ओर से चैंपियनशिप और वन-डे कप खेल चुके हैं। इस सीजन में हैम्पशायर पहले ही एक अन्य भारतीय खिलाड़ी तिलक वर्मा को चार मैचों के लिए शामिल कर चुका है। 25 वर्षीय सुंदर ने अब तक 40 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिनमें 13 टेस्ट शामिल हैं। उनके बल्ले से 1800 से अधिक रन निकले हैं, जबकि गेंदबाज़ी में उन्होंने 91 विकेट लिए हैं। पिछले साल पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (7/59) किया था।
दो मैच खेलेंगे सुंदर
सुंदर के लिए चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि हैम्पशायर फिलहाल अंक तालिका में संघर्ष कर रहा है। गुरुवार को पिच नियमों का उल्लंघन करने पर टीम से आठ अंक काटे गए, जिससे टीम तालिका में आठवें स्थान पर खिसक गई। हैम्पशायर अब 15 से 18 सितंबर तक समरसेट के खिलाफ मैदान में उतरेगा, जिसके बाद 24 से 27 सितंबर तक वे मौजूदा चैंपियन सरे से भिड़ेंगे।