भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी के उन आरोपों को खारिज किया है कि उन्होंने कभी किसी कारोबारी से रिश्वत ली थी।
उन्होंने अपने समर्थकों को निश्चिंत करते हुए कहा है कि वह कभी भी किसी गलत काम में शामिल नहीं रहे। साथ ही कहा है कि वह ललित मोदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं।
हाल ही में आई रिपोर्टों पर रैना से जुड़ी खेल प्रबंधन कंपनी रिति स्पोर्ट्स की ओर से जारी एक बयान में रैना ने कहा, "मैं दुनिया भर के अपने प्रशंसकों को यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैंने हमेशा खेल को सही भावना और सत्यनिष्ठा के साथ खेला है। मेरे खिलाफ सभी आरोप झूठे हैं। मैंने जिस भी टीम की नुमाइंदगी की है, उसके लिए पूरे जूनुन के साथ क्रिकेट खेला है। मैं इस मामले में कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए सही कदम उठाऊंगा।"
उल्लेखनीय है कि आईपीएल के विवादास्पद पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने एक पत्र ट्वीट किया जिसको लेकर उनका दावा था कि यह उन्होंने जून 2013 में आईसीसी के सीईओ डेव रिचर्डसन को लिखा था कि जिसमें आरोप लगाया गया था कि भारत के दो और वेस्टइंडीज के एक क्रिकेटर ने रियल स्टेट से जुड़े एक कारोबारी से कथित रिश्वत ली थी।
ट्वीट में उन तीनों क्रिकेटरों और कारोबारी का भी जिक्र था। उधर, आईसीसी ने इस बात की पुष्टि की कि उसको ललित मोदी का पत्र मिला था लेकिन यह कहकर क्रिकेटरों को क्लीन चिट दे दी कि तीनों क्रिकेटरों के खिलाफ उसे कोई साक्ष्य नहीं मिला। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी क्रिकेटरों को क्लीन चिट दी है।