वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स इस बात से निराश हैं कि उनकी टीम चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा नहीं ले सकी। रिचर्ड्स ने इसके साथ ही कैरेबियाई टीम को अफगानिस्तान से सीख लेने की हिदायत दी जो पहली बार आईसीसी के इस टूर्नामेंट में खेली थी। वेस्टइंडीज और श्रीलंका दो ऐसी टीमें है जो विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है लेकिन पाकिस्तान और दुबई में खेले जा रहे आठ-टीमों की प्रतियोगिता में के मौजूदा सत्र के लिए क्वालिफाई करने में असफल रहीं। अफगानिस्तान का सफर चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप चरण में समाप्त हुआ।
अफगानिस्तान को सराहा
रिचर्ड्स ने कहा, मैं बस उम्मीद कर रहा हूं कि मेरी वेस्टइंडीज टीम अफगानिस्तान की किताब से सीख ले सकती है, क्योंकि अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने खेल में जुनून और ऊर्जा भर दी है। अफगानिस्तान क्रिकेट की दुनिया में इतने लंबे समय से नहीं हैं जितना शायद कुछ अन्य टीमें है लेकिन उनमें संघर्ष करने का जज्बा कमाल का है। जब आप चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान को देखते हैं और वेस्टइंडीज को नहीं, तो इसका मतलब है कि अफगानिस्तान कुछ सही कर रहा है।
वनडे विश्व कप 2023 का हिस्सा भी नहीं था विंडीज
रिचर्ड्स ने कहा कि वेस्टइंडीज को सुधार के लिए सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि इसमें शामिल सभी लोगों के प्रयासों की जरूरत होगी। मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी से चूकने के अलावा वेस्टइंडीज भारत में 2023 वनडे विश्व कप का भी हिस्सा नहीं बन पाया था। रिचर्ड्स ने कहा, हमें खुद को वहां वापस लाने के लिए जहां हम एक बार थे शायद सिर्फ खिलाड़ियों की ही नहीं, बल्कि बोर्ड के उन लोगों की भी जरूरत होगी जो जिम्मेदार पदों पर हैं। मुझे इस बात से बहुत गुस्सा आता है कि इतनी बड़ी विरासत वाली वेस्टइंडीज टीम चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं है। इससे मुझे बहुत दुख होता है, क्योंकि हम कहीं बेहतर टीम रहे हैं।