आईपीएल नीलामी के दूसरे दिन आखिरकार कैरीबियाई खिलाड़ी क्रिस गेल को खरीदने में इकलौती फ्रैंचाइजी 'किंग्स इलेवन पंजाब' ने अपनी दिलचस्पी दिखाई। नीलामी में दो बार फेल होने वाले गेल को तीसरी बोली में पंजाब ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा। गेल पर दांव खेलने वाली प्रीती और सहवाग के लिए यह किसी मास्टरस्ट्रोक से कम नहीं है। बता दें कि इस मार्की खिलाड़ी का बेस प्राइस ही 2 करोड़ रुपये था।
इससे पहले नीलामी में किसी भी फ्रैंचाइजी ने क्रिस गेल में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अंत में जाकर प्रीती और
सहवाग ने इस खिलाड़ी को अपने दल में शामिल करना सही समझा और उन्हें बेस प्राइस पर ही टीम में शामिल कर लिया।
हालांकि गेल को खरीदने के पीछे की असली वजह का खुलासा पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने बाद में किया। सहवाग ने कहा, 'इस दमदार खिलाड़ी का टीम में होना ही अपने आप में बड़ी बात है। बतौर एक ओपनिंग बल्लेबाज वह किसी भी विपक्षी टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।'
हालांकि टीम मैनेजमेंट के मुताबिक गेल का आईपीएल करियर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इसलिए शायद ही यह खिलाड़ी
किंग्स इलेवन पंजाब के लिए ज्यादा मुकाबले खेले। इस पर सहवाग ने कहा, 'गेल की ब्रांड वेल्यू से साफ जाहिर होता है कि वह इस फॉर्मेट के कितने बड़े खिलाड़ी हैं। ज्यादा मुकाबले न खेल पाने वाली बात का स्वागत करते हुए सहवाग ने कहा कि टीम में गेल को बैकअप ओपनर की हैसियत से रखा गया है।'