डेब्यू टेस्ट मैच में 187 रनों की पारी खेलकर शिखर धवन भले ही वाहवाही लूट रहे हैं। लेकिन ब्रिटेन के लेखक लॉर्ड जैफ्री आर्चर अभी भी वीरेंद्र सहवाग के कायल हैं।
लॉर्ड जैफ्री आर्चर ने कहा कि बल्लेबाजी में वीरेंद्र सहवाग और वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्डस की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। दोनों बल्लेबाज शानदार तरीके से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर देते हैं। इनके शॉट्स देखना दर्शनीय होता है।
लॉर्ड जैफ्री आर्चर ने कहा
‘मैंने अपने जीवन में जिन विस्फोटक बल्लेबाजों को देखा उनमें विवियन रिचर्डस और सहवाग सबसे रोमांचक हैं। सहवाग को टीम से बाहर करने का फैसला काफी रोचक है।'
मालूम हो कि आर्चर अपनी लोकप्रिय सीरीज ‘द क्लिफटन क्रोनिकल्स’ की तीसरी किताब की लांचिंग के लिए भारत के विभिन्न शहरों के दौरे पर आए हैं।
आईपीएल क्रिकेट के लिए खतरा
ब्रिटिश लेखक आर्चर को लगता है कि आईपीएल में बहुतायत पैसे की वजह से क्रिकेट को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा ‘असली क्रिकेट टेस्ट मैच है जब वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ मैच बचाने के लिए पूरे दिन संघर्ष करते थे।'
आर्चर ने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली टेस्ट में शिखर धवन ने शानदार बैटिंग की। इसके बावजूद स्टेडियम में काफी कम लोग दिखे। यह अविश्वसनीय है। जब टी20 मैच होता है तो स्टेडियम खचाखच भरा होता है।’
पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले के खेल के कायल आर्चर ने कहा, ‘पटौदी के नवाब मेरे मित्र थे। ऑक्सफोर्ड में हम साथ पढ़ते थे। मैं उनका बड़ा प्रशंसक हूं।’