टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने रविंद्र जडेजा और शुभमन गिल के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने जडेजा की फील्डिंग व गेंदबाजी और गिल की बल्लेबाजी की खूब तारीफ की।
बता दें कि भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर की पहली अर्धशतकीय पारी खेली और 50 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, भारत से 242 रन आगे है। इससे पहले पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ की 131 रन की शतकीय पारी के दम पर 338 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्नस लाबूशाने ने 91 रन जबकि विल पुकोवस्की ने 62 रन की पारी खेली थी। वहीं, भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने चार, बुमराह व नवदीप सैनी ने 2-2 जबकि मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिए।