राजकोट टी-20 में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 40 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की धीमी बल्लेबाजी को मैच में टीम इंडिया की शिकस्त का कारण बताया गया। ऐसे में धोनी की सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट विश्लेषकों के बीच तक आलोचना हो रही है। आलोचकों में वीवीएस लक्ष्मण जैसा पूर्व दिग्गज बल्लेबाज भी शामिल है। ऐसे में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रहे मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग ने धुआंधार सलाह दी है।
सहवाग ने महेंद्र सिंह धोनी को सलाह दी है कि बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वह पहली गेंद से ही गेंद की पिटाई शुरू कर दें। इसी के साथ ही उन्होंने टीम प्रबंधन को भी ये सलाह दे डाली कि दबाव में चल रहे पूर्व कप्तान को टी-20 टीम में उनकी भूमिका के बारे में बताएं। सहवाग ने एक न्यूज चैनल से कहा, 'धोनी को टीम में अपनी भूमिका समझनी होगी, उन्हें बड़े स्कोर का पीछा करते हुए शुरू ही में तेजी से रन बनाने होंगे। टीम प्रबंधन को उन्हें इस बारे में बताना होगा।
हालांकि सहवाग ने धोनी का बचाव करते हुए कहा, कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया को फिलहाल धोनी की जरूरत है। वह सही समय आने पर संन्यास लेंगे और कभी किसी युवा खिलाड़ी का रास्ता नहीं रोकेंगे।