टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली जून में काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए रवाना होंगे। सरे क्लब से करार करने वाले कोहली इसके चलते अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।
काउंटी क्रिकेट में विराट कोहली लिस्ट ए के तीन और फर्स्ट क्लास के तीन मैच खेलेंगे। इस दौरान टीम इंडिया के कप्तान कोहली को एक खिलाड़ी की निगरानी में खेलना होगा। दरअसल, 29 वर्षीय कोहली जिस सरे क्लब की तरफ से खेलेंगे उसका कप्तान रोरी बर्न्स को बनाया गया है।
बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने काउंटी क्रिकेट खेलने का फैसला इसलिए किया है क्योंकि इंग्लैंड में उनका पिछला दौरा काफी निराशाजनक रहा था। कोहली ने तब 10 पारियों में 13.40 की खराब औसत से 134 रन बनाए थे।
बहरहाल, काउंटी क्रिकेट के बाद विराट कोहली टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे, जिसका इंग्लैंड दौरा तीन टी20 इंटरनेशनल सीरीज के साथ होगा। बहरहाल, इससे पहले 27 और 29 जून को 'मेन इन ब्लू' दो टी20 इंटरनेशनल मैच आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी।
अगर कोहली को आयरलैंड के खिलाफ दूसरा टी20 खेलना है तो उन्हें इंग्लैंड से उसी दिन उड़ान भरना होगी जब उनके फर्स्ट क्लास कार्यक्रम का समापन होगा। बहरहाल, विराट कोहली की आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। विराट कोहली का अब पूरा ध्यान इंग्लैंड दौरे पर रहेगा।