सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर का मानना है कि रॉयल चैलेंजर बंगलूरू के कप्तान विराट कोहली अपनी टीम को जीत दिलवाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में वॉर्नर ने कहा 'खिलाड़ी मैदान पर होते हैं तो वह जीत के लिए सबकुछ करना चाहते हैं, विराट भी वैसे ही हैं। लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं वह जिस टीम से खेलते हैं अपना 100 प्रतिशत योगदान देते हैं।'
भारत ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बारे में वॉर्नर ने कहा कि 'सीरीज बहुत शानदार थी, उस दौरान दर्शकों को बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिली। सीरीज में हर दिन कुछ न कुछ नया था जो सीरीज की सबसे बड़ी खासियत रही। हमें लगा था कि भारत 4-0 से सीरीज जीत लेगा, लेकिन हमने आखिरी मैच तक संघर्ष किया।'
बता दें कि बीते दिनों सीरीज के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच आपसी नोक-झोंक देखने को मिली थी। वहीं डीआरएस को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। कोहली ने तो यहां तक कह दिया था कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अब उनके दोस्त नहीं हैं।