टीम इंडिया के कप्तान और 'रन मशीन' विराट कोहली ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन अपने टेस्ट करियर का 17वां टेस्ट शतक जमाया। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में कोहली ने शतक लगाते ही कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। बता दें कि 28 वर्षीय कोहली ने 132 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान पांच चौके और एक छक्का जमाया।
विराट कोहली ने इस दौरान कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। आईए नजर डालते हैं:
# तीसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली ने पहली बार शतक जमाया। करिश्माई कप्तान ने एक बार फिर अर्धशतकीय पारी को अच्छे से शतक में तब्दील किया।
# कोहली ने 7 पारियों के अंतराल के बाद शतक जमाया। इससे पहले उन्होंने 38, 0, 13, 12, 15, 6 और 3 रन बनाए। कोहली ने पिछला शतक बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। तब उन्होंने 204 रन की पारी खेली थी।
# ये पारी खेलकर दाएं हाथ के बल्लेबाज का औसत एक बार फिर क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में 50 से अधिक हो चुका है। वो विश्व के एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिनका क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में औसत 50 से ज्यादा है।
# कोहली ने 17वां टेस्ट शतक जमाते ही कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। विराट कोहली 27 टेस्ट के बाद सर्वाधिक शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
# ये कोहली का कप्तान के रूप में 10वां टेस्ट शतक है। उन्होंने इस मामले में सुनील गावस्कर (9 शतक) को पीछे छोड़ा। वहीं कप्तान के रूप में 27 टेस्ट के बाद सचिन तेंदुलकर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 7-7 टेस्ट शतक जमाए हैं।
# कोहली ने कप्तान के रूप में विदेशी धरती पर छठा शतक जमाया, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था, जिन्होंने विदेशी धरती पर 5 शतक ठोंके थे।