अब भारत को जीत के लिए दो रन और विराट को शतक के लिए चार रन चाहिए थे। तीसरी गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में चौका जड़ने के साथ कोहली के चेहरे पर इत्मीनान की मुस्कान आई और इसके साथ ही टीवी पर नजरें गड़ाए बैठे करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रेमी भी खुशी से झूम उठे। लगातार एक तरह से आउट होने, स्पिन के खिलाफ असहज होने और बड़ी पारी नहीं खेल पाने की कई चुनौतियों से उबरते हुए कोहली ने पुराने फॉर्म के दीदार कराए।
इमाम ने रन चुराने के प्रयास में गंवाया विकेट
इसके बाद इमाम ने तेजी से एक रन चुराने के प्रयास में विकेट गंवाया। वह रन लेने के लिये दौड़े लेकिन मिडआन पर खड़े अक्षर ने सीधे थ्रो पर गिल्लियां बिखेर दी। पाकिस्तान के दोनों प्रमुख बल्लेबाज 47 के स्कोर पर पवेलियन में थे लेकिन रिजवान और शकील ने इसके बाद संयम के साथ खेला। इस बीच अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और कप्तान रोहित शर्मा को कुछ देर के लिये मैदान से जाना पड़ा।
शमी की चोट ने बढ़ाई थी चिंता
रोहित गर्मी में असहज महसूस कर रहे थे, जबकि शमी को पिंडली में कुछ परेशानी थी। दोनों हालांकि मैदान पर वापिस लौट आये जिससे भारतीय प्रशंसकों ने राहत की सांस ली। इन सबके बीच रिजवान और शकील पाकिस्तान को 34वें ओवर में दो विकेट पर 151 रन तक ले गए। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान 270 के आसपास पहुंच जाएगा, लेकिन अक्षर ने रिजवान को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कोई बल्लेबाज लंबे समय तक टिककर खेल नहीं सका। शकील को पांड्या ने डीप में अक्षर के हाथों लपकवाया। कुलदीप ने सलमान आगा और शाहीन शाह अफरीदी को लगातार दो गेंदों पर आउट किया हालांकि हैट्रिक नहीं ले सके। नसीम शाह उनका तीसरा शिकार बने। आखिर में खुशदिल ने 39 गेंद में 38 रन बनाये जिसमें पाकिस्तानी पारी का पहला छक्का शामिल था।