दुनिया का हर कप्तान करियर में आने वाले उतार-चढ़ाव का सामना करता है। साथ ही हार से उबरने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाता है। हर कप्तान की बुरे दौर से उबरने की अपनी अगल शैली होती है। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका के खिलाफ करारी हार का सामना करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार जीत हासिल करने वाले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा मेरे लिए जीत का बड़ा आसान सा मंत्र है, ईमानदार रहिए और अपने साथियों से कुछ ऐसी बातें कहिए जो उन्हें हर्ट करे।
श्रीलंका के खिलाफ तीन सौ से ज्यादा रन बनाने के बाद हार का सामना करना विराट कोहली के लिए बतौर कप्तान बड़ा झटका था। विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, आपको ईमानदार रहना होगा और अपने साथी खिलाड़ियों से कुछ ऐसी बातें कहनी होंगी जो उन्हें हर्ट करे। ये ऐसी चीज है जिसपर मैं विश्वास करता हूं। आपको उनके सामने वो बातें रखनी होंगी कि हमने या मैंने कहां क्या गलती की। हमें इन्हें स्वीकार करके सुधारना होगा। हमें इसीलिए करोड़ों लोगों में से देश की सेवा करने के लिए चुना गया है।
दक्षिण अफ्रीका को मात देने के बाद टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, जहां उसका मुकाबला 15 जून को बांग्लादेश से होगा। विराट ने कहा, आपको देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने और वापसी करने की पुरजोर कोशिश करना चाहिए। आप बार-बार एक जैसी गल्तियों को नहीं दोहरा सकते। आप केवल दो-तीन खिलाड़ियों से ऐसा करने को नहीं कह सकते। आपको सबसे यह बात कहनी होगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली जीत व्यक्तिगत नहीं टीम की सामूहित जीत है।
कोहली ने कहा, आपको उन बातों पर उंगली रखनी पड़ती हैं जहां गलती हुई लेकिन उसी समय आप यह भी नहीं चाहते हैं कि लगातार आप उनकी कमियां गिनाते रहें। वो सब भी प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं। आपको यह समझना होगा कि उनसे कैसे बात करनी है और किस तरह मैसेज देना है। इस स्तर पर हर क्रिकेटर उत्साहित होता है और वह यह अच्छी तरह जानता है कि यहां क्या दांव पर लगा है। कई बार आपको उन्हें छोटी-छोटी चीजों के बारे में बताना पड़ता है जो कई बार मैच में भारी पड़ जाती हैं। बार-बार मैदान पर एक जैसी गलतियां न हो इसके लिए हम कड़ी प्रैक्टिस करते हैं।