उन्होंने कहा, 'हमें एक मजबूत टीम की जरूरत है। आईपीएल में जाने से पहले हमें स्पष्ट होना होगा कि हम विश्व कप के लिये कैसी टीम चाहते हैं। मुझे नहीं लगता कि आईपीएल किसी खिलाड़ी के लिए कैसा रहता है और इससे कुछ भी बदलाव होगा।'
बचे हुए स्थान की सुनिश्चितता के बारे में बात करते हुए कोहली ने कहा कि वह ऋषभ पंत को कुछ मैच देना चाहेंगे लेकिन ऐसा वह एक गेंदबाज कम उतारने की कीमत पर नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, 'हमें टीम संयोजन के बारे में सोचना होगा। मुझे नहीं लगता कि एक गेंदबाज कम खिलाना अच्छा विचार होगा क्योंकि 40वें ओवर तक एक अतिरिक्त क्षेत्ररक्षक के साथ कुछ खिलाड़ियों के कुछ ओवर यहां और कुछ ओवर वहां करने से चीजें काफी मुश्किल हो जाएंगी।'
कोहली ने कहा, 'हमें बल्लेबाजी संयोजन पर काम करना होगा ताकि हम जिन खिलाड़ियों को मैच का समय देना चाहते हैं,उन्हें आजमा सकें। लेकिन मुझे नहीं लगता कि गेंदबाजी संयोजन में बदलाव होगा।'
कप्तान ने यह भी संकेत दिया कि लोकेश राहुल ने दो टी-20 में फार्म में लौटकर विश्व कप टीम के लिए खुद का दावा मजबूत किया है। उन्होंने कहा, 'यह अच्छा संकेत है। लोकेश राहुल जब अच्छा खेलता है तो वह किसी और स्तर पर होता है। हमने पिछले साल आईपीएल में और बतौर टीम पिछले सत्र में कुछ कुछ मैचों में उसे ऐसा करते हुए देखा है।'
फिर उन्होंने बताया कि राहुल को क्या चीज विशेष बनाती है। कोहली ने कहा, 'निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी ढूंढना बहुत मुश्किल है, जो अच्छे क्रिकेटिया शॉट खेल सके और साथ ही 140 या 150 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से आपको मैच जिता सके। उसके पास सारे शाट हैं और उसका गेम भी मजबूत है।'
उन्होंने कहा, 'यह देखना दिलचस्प होगा कि अंतिम विश्व कप टीम में क्या होगा। निश्चित रूप से उसने अपना दावा मजबूत किया है। यह अच्छा है कि वह अच्छी फॉर्म में हैं और उम्मीद है कि वह इसे आगे भी कायम रखेगा।' इनपुट-भाषा