टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि क्रिकेट के खेल को विश्व स्तर पर कायम रखने के लिए टेस्ट क्रिकेट को प्रमुखता देने की आवश्यकता है। कोहली ने दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के पहले वार्षिक सम्मेलन के दौरान कहा, 'मेरा मानना है कि क्रिकेट को विश्व स्तर पर बनाए रखने के लिए टेस्ट क्रिकेट सर्वोपरि है। मैं युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे खेल के लंबी अवधि वाले प्रारूप यानी टेस्कोट क्रिकेट को अपनाएं।'
इस यादगार शाम को टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी बिशन सिंह बेदी और मोहिंदर अमरनाथ के नाम से स्टैंड का उद्धघाटन किये जाने के अवसर पर दिल्ली क्रिकेट के कई दिग्गज एक साथ दिखे। इस दौरान कप्तान कोहली ने अपने अंडर-14 और अंडर-16 के दिनों को याद किया जब बेदी कोच थे।
उन्होंने दिल्ली के इस दिग्गज स्पिनर और पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खां पटौदी की पत्नी शर्मिला टैगोर की उपस्थिति में कहा, 'मुझे याद है कि जब मैं दिल्ली के लिये अंडर-14 और अंडर-16 में खेला करता था। बेदी सर हमें काफी कड़ा अभ्यास करवाते थे। अब यह मेरी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।'
पढ़ेंः- कोहली-स्मिथ की तुलना करने वालों को गांगुली का ये करारा जवाब
कोहली ने कहा, 'दिल्ली के कप्तानों के साथ यहां पर खड़ा होना बहुत गर्व की बात है। मैं खुद भी दिल्ली का कप्तान हूं।' इस अवसर पर बेदी ने कहा, 'मैं मैदान पर कोहली की कुछ हरकतों से भले ही सहमत नहीं हो सकता, लेकिन जिस तरह से विराट मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देता है वैसा मैंने किसी दूसरे को नहीं देखा। मैंने किसी भी अन्य भारतीय को विराट की तरफ जीजान लगाते हुए नहीं देखा। विराट जैसा वास्तव में कोई नहीं है।'