भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मैच में सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 51 गेंद में नाबाद 111 रन बनाए और भारत की जीत में अहम योगदान दिया। सूर्यकुमार की इस पारी के चलते भारत ने छह विकेट पर 191 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 65 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इस मैच में सूर्यकुमार ने 11 चौके और सात छक्के लगाए। उन्होंने 217.65 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। भारत के बाकी बल्लेबाजों ने 69 गेंदों में 69 रन बनाए, लेकिन सूर्यकुमार के शतक के चलते ही भारत 191 रन तक पहुंचा।
सूर्यकुमार की इस पारी के बाद विराट कोहली ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह सूर्या की पारी नहीं देख पाए, लेकिन उन्हें यकीन है कि उन्होंने एक बार फिर वीडियो गेम वाली पारी खेली होगी। इसके जवाब में सूर्यकुमार यादव ने लिखा भाऊ। साथ ही उन्होंने दो इमोजी शेयर किए।
कोहली ने अपने ट्वीट में लिखा "दुनिया का सबसे बेहतरीन (बल्लेबाज) यह दिखा रहा है कि वह दुनिया में सबसे बेहतरीन क्यों है। इस पारी को लाइव नहीं देख पाया, लेकिन पूरा यकीन है कि एक बार फिर उन्होंने वीडियो गेम वाली पारी खेली होगी।" इसके साथ ही कोहली ने हंसने वाला इमोजी शेयर किया।