टीम इंडिया की नई 'रन मशीन' विराट कोहली के पाकिस्तानी प्रशंसक को उनका फैन होना भारी पड़ सकता है क्योंकि अब उसे 10 साल की जेल हो सकती है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकाड़ा जिले में रहने वाले उमर द्राज जो कोहली के जबरदस्त प्रशंसक हैं और 26 जनवरी को एडिलेड में टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया पर जीत के बाद कोहली के लिए अपने चार मंजिला घर की छत पर भारतीय तिरंगा लहराया था।
भारत ने यह मैच 37 रन से जीता था और नाबाद 90 रनों की पारी खेलने वाले कोहली मैन ऑफ द मैच बने थे। 26 को भारत में गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।
सूचना मिलने पर जब पाक पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा तो वह पहले वहां से भाग गया लेकिन वह जल्द ही पकड़ा गया। फिर उमर को जेल भेज दिया गया। बुधवार को उन्हें जिला अदालत में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
क्या हुआ कोहली के दीवाने के साथ
क्रिकेट को जुनून की हद तक चाहने वाले लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के प्रति प्यार को दर्शाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। हालांकि कई बार यह चीज उनके लिए मुसीबत का सबब बन जाती है, खासकर जब खिलाड़ी दूसरे देश का हो।
टीम इंडिया के उपकप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी के मुरीद उमर के खिलाफ पाक पुलिस ने पाक पिनल कोड (पीपीसी) 123-A और मेंटेनेंस ऑप पब्लिक ऑर्डर (एमपीओ) की धारा 16 के तहत मामला दर्ज कराया है। 123-A देश की संप्रभुता को चोट पहुंचाने वाले पर कड़े सजा का प्रावधान देता है। इसके तहत उस पर 10 साल की जेल या जुर्माना या दोनों ही लगाए जा सकते हैं। जबकि एमपीओ की धारा 16 में ज्यादा से ज्यादा 3 साल की जेल या जुर्माना या दोनों ही लगाया जा सकता है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकाड़ा जिले के रहने वाले उमर द्राज विराट के जबरदस्त फैन हैं। अपनी इसी दीवानगी को जाहिर करने के लिए उन्होंने घर पर भारतीय तिरंगा फहरा दिया। द्राज का कहना है कि वह कोहली की वजह से ही भारतीय टीम को सपोर्ट करते हैं। तिरंगा फहराना केवल कोहली के प्रति उनके प्रेम को जाहिर करता है, लेकिन पुलिस को दराज का यह प्रेम समझ में नहीं आया।
उन्होंने मंगलवार को उनके घर पर छापा मारा और तिरंगा जब्त कर द्राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी मोहम्मद जामिल का कहना है कि द्राज के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसी के बाद कार्रवाई की गई है। पुलिस को द्राज के घर की दीवारों पर कोहली के बड़े-बड़े पोस्टर भी लगे मिले हैं।
क्या करता है 22 साल का यह क्रिकेट प्रशंसक?
विराट कोहली के प्रशंसक होने और अपने घर की छत पर तिरंगा लहराने के कारण जेल की हवा खाने वाले उमर द्राज ने पूरे प्रकरण करने के बाद कहा कि उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि कोहली के प्रति लगाव दिखाने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल करना उन्हें मुसीबत में डाल देगा। उन्होंने अधिकारियों से खुद को माफ कर देने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उन्हें पता नहीं था कि वह कोई अपराध कर रहे हैं।
22 साल का यह क्रिकेट प्रशंसक एक टेलर है और वह कोहली के साथ-साथ टीम इंडिया का भी बड़ा प्रशंसक है। एडिलेड टी-20 मैच के बाद जब उसने अपने घर की छत पर तिरंगा लहरा दिया था तो उनके पड़ोसियों ने ऐसा नहीं करने की हिदायत दी, लेकिन उमर ने उनकी बात नहीं सुनी। पड़ोसी राणा रशीद ने कहा कि उन्होंने उमर से तिरंगा नहीं लहराने का सुझाव दिया और उसे हटाने को भी कहा। लेकिन वह उनकी बात सुने बगैर ही अपनी छोटी सी दुकान में काम करता रहा।
शाम को पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा और उनके घर से कोहली की ढेर सारी तस्वीरों के साथ-साथ तिरंगे को भी हटा दिया। उमर के पिता का इस घटना पर कहना है कि वह बेहद शांत स्वभाव का आदमी है। वह हमेशा अपनी दुकान पर ही रहता है और दिनभर काम के साथ-साथ लगातार मैच भी देखता रहता है।
पड़ोसी रशीद इस बात से बेहद दुखी हैं कि उनका पड़ोसी उमर अब जेल में मैच नहीं देख पाएगा क्योंकि वहां उसके लिए टीवी की कोई व्यवस्था नहीं होगी। कोहली और टीम इंडिया का अगला मैच शुक्रवार को है। (फोटो- द डॉन से)