भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 14 से 19 जुलाई तक तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को इस सीरीज के भारतीय टीम का चयन करना है। इंग्लैंड वनडे सीरीज में विराट कोहली के खेलने की संभावना है, लेकिन उन्हें टीम चयन से पहले फिटनेस टेस्ट देना होगा। कोहली की फिटनेस जांच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में होगी। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल सकेंगे।
आईपीएल फाइनल के दौरान लगी थी चोट
विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत दिलाई थी। इसी मैच के दौरान विराट को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। चोट के कारण विराट को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहना पड़ा। विराट फिलहाल लंदन में रिहैब कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली 22 जून को अपनी फिटनेस जांच के लिए बीसीसीआई सीओई में रिपोर्ट करेंगे। फिटनेस टेस्ट में पास होने के बाद विराट को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका दिया जा सकता है। कोहली की रिपोर्ट आने के बाद ही इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का चयन किया जाएगा।
हार्दिक ने शुरू की ट्रेनिंग
अफगानिस्तान सीरीज से बाहर रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बारे में खबर यह है कि उन्होंने बीसीसीआई सीओई में फिर से ट्रेनिंग शुरू कर दी है। पांड्या फिलहाल हल्की ट्रेनिंग कर रहे हैं, लेकिन अगले दो दिनों में उनकी ट्रेनिंग को धीरे-धीरे कठोर बनाया जाएगा। लेकिन न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज तक पूरी तरह फिट नहीं हो सकेंगे जिस कारण वह इस दौरे से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई के सूत्र ने कहा, हार्दिक अभी इतने फिट नहीं हुए हैं कि गेंदबाजी का कोट पूरा कर सकें जितना वनडे प्रारूप में चाहिए होता है। उन्हें वनडे के लिए पूरी तरह फिटनेस हासिल करने के लिए थोड़ा वक्त और चाहिए।
एक जुलाई से होगी टी20 सीरीज
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज से पहले पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। ये सीरीज एक जुलाई से शुरू होगी जिसके लिए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम की घोषणा हो चुकी है। चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का एलान कर दिया था, लेकिन वनडे सीरीज के लिए टीम अब तक घोषित नहीं की गई है।