महिला क्रिकेट की सबसे महान तेज गेंदबाजों में से एक झूलन गोस्वामी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। उनका आखिरी मैच 24 सिंतबर को इंग्लैंड के खिलाफ होगा। महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा 252 विकेट लेने वाली झूलन के ऊपर बॉलीवुड में फिल्म बन रही है। भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का इस फिल्म में मुख्य किरदार में हैं। अनुष्का ने इस फिल्म की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की है और विराट कोहली को यह वीडियो बहुत पसंद आया है। उन्होंने अनुष्का के पोस्ट पर कमेंट में दिल वाले इमोजी लगाए हैं।
इस फिल्म में झूलन गोस्वामी के करियर के बारे में बताया गया है। 39 साल की झूलन ने 19 साल की उम्र में देश के लिए पहला मैच खेला था। इसके बाद से उनका जीवन कई तरह के उतार-चढ़ावों से गुजरा। उनके ऊपर बन रही फिल्म का वीडियो शेयर करते हुए अनुष्का ने लिखा "पेश है चकदा एक्सप्रेस यात्रा की एक झलक।"
फैंस को पसंद आया वीडियो
अनुष्का का यह वीडियो फैंस को बेहद पसंद आया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने के कुछ घंटों बाद ही दस लाख से ज्यादा लोग इसे देख चुके हैं और दो लाख से ज्यादा लोगों ने इसे पसंद किया है। हजारों लोगों ने कमेंट कर फिल्म को लेकर अपनी राय दी है। विराट कोहली की तरह झूलन गोस्वामी ने भी कमेंट में दिल वाले इमोजी बनाए हैं।
इंग्लैंड दौरे में संन्यास ले सकती हैं झूलन
39 साल की झूलन को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम में चुना गया है। हालांकि, वो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए टी20 टीम का हिस्सा नहीं थीं। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भी झूलन भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थीं। इंग्लैंड के दौरे में भारतीय टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 18 सितंबर को शुरू होगी, दूसरा मैच 21 सितंबर और तीसरा मैच 24 सितंबर को होगा। इसी सीरीज में झूलन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकती हैं। हालांकि, वो आईपीएल में नजर आ सकती हैं।