रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार और टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने प्रशंसकों को आईपीएल की खिताबी जीत समर्पित की। चिन्नास्वामी स्टेडियम पर बुधवार को आरसीबी की जीत का जश्न मनाया गया जिसमें हजारों प्रशंसक शामिल हुए। आईपीएल 2025 की विजेता टीम आरसीबी का बंगलूरू पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधानसौधा में खिलाड़ियों का सम्मान किया।
आरसीबी
- फोटो : PTI
आरसीबी ने फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रनों से हराया था। यह उसकी पहली आईपीएल ट्रॉफी है। विधानसौधा में सम्मान समारोह के बाद खिलाड़ी चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे जहां दर्शकों की भारी भीड़ के बीच आरसीबी की जीत का जश्न मना। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ट्रॉफी लेकर स्टेडियम के बीच में बने मंच पर पहुंचे। इस दौरान विराट कोहली और पाटीदार ने दर्शकों को संबोधित किया और उनका टीम का लगातार समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कोहली ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं उसी बात को दोहराना चाहूंगा जो हमारे कप्तान रजत पाटीदार ने मंगलवार की रात पुरस्कार समारोह में कही थी। अब 'ई साला कप नामदे' नहीं रहा, बल्कि यह 'ई साल कप नामदू' हो गया है।' कोहली ने इस खिताबी जीत को आरसीबी प्रशंसकों को समर्पित किया जिन्होंने बिना ट्रॉफी जीते 17 साल तक टीम का साथ दिया।
ये भी पढ़ें: RCB: IPL की खिताबी जीत के बाद बंगलूरू की सड़कों पर दिनभर चला जश्न, विराट कोहली ने जताया प्रशंसकों का आभार
कोहली बोले- ऐसा प्रशंसक वर्ग दुनिया में नहीं देखा
कोहली ने कहा, 'यह आप सभी के लिए है, आप प्रशंसकों के लिए। इस अद्भुत शहर के लोग, वे लोग जिन्होंने हर मुश्किल समय में आरसीबी का साथ दिया है। मैंने दुनिया में किसी भी टीम का प्रशंसक वर्ग इस फ्रेंचाइजी जैसा नहीं देखा। मैं चाहता हूं कि आप सभी कप्तान पाटीदार के लिए जोर से चियर करें।' कोहली ने इसके बाद पाटीदार को मंच पर संबोधन देने के लिए बुलाया।
पाटीदार ने कहा, जब भी मैं यहां आता हूं, तो हमेशा नमस्कार बंगलूरू से शुरुआत करना पसंद करता हूं। यह हमारे लिए एक शानदार पल था। सीजन की शुरुआत से ही, हर कोई इस बात को लेकर स्पष्ट था कि हमें क्या करना है। आप सभी ट्रॉफी के हकदार हैं। हम सभी आपसे प्यार करते हैं।
बंगलूरू में दिनभर जश्न में डूबे रहे प्रशंसक
आरसीबी की खिताबी जीत को लेकर सुबह से ही बंगलूरू में प्रशंसक खुशी से झूम रहे थे। एयरपोर्ट से लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम तक पूरा बंगलूरू शहर जश्न में डूबा दिखा। आरसीबी की टीम एयरपोर्ट से सीधा होटल पहुंची, जहां टीम का स्वागत किया गया। आरसीबी की टीम होटल से विधानसौधा पहुंची जहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने माला पहनाकर खिलाड़ियों का सम्मान किया। हालांकि, इस दौरान बारिश भी आई।