जयशंकर ने ऑस्ट्रेलियाई डिप्टी पीएम से की मुलाकात
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस से मुलाकात की। यह मुलाकात भारत-ऑस्ट्रेलिया कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप (व्यापक रणनीतिक साझेदारी) की पांचवीं वर्षगांठ के मौके पर हुई। दोनों नेताओं ने इस अवसर को नई दिल्ली में मिलकर मनाया।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि डिप्टी पीएम और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस से मुलाकात कर खुशी हुई। उनकी उपस्थिति हमारे संबंधों में आई मजबूती का प्रतीक है। हमने दुनिया की स्थिति और आपसी रुचि के मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि वे ऑस्ट्रेलियन हाई कमिशन में आयोजित समारोह में भी शामिल हुए, जहां दोनों देशों की साझेदारी के पांच साल पूरे होने पर कार्यक्रम हुआ।
रिश्ते में आई बड़ी मजबूती
जयशंकर ने अपने भाषण में कहा कि पांच साल में भारत-ऑस्ट्रेलिया के संबंध काफी मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा, "10 साल पहले अगर मैंने कहा होता कि ऑस्ट्रेलिया हमारे सबसे करीबी राजनीतिक और सुरक्षा भागीदारों में से होगा, तो शायद कोई यकीन नहीं करता। लेकिन आज हम यही देख रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद खुद प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर संवेदना प्रकट की, जबकि वह उस समय चुनाव अभियान में व्यस्त थे।