गाले में शर्मनाक हार का बदला लेते हुए टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका को दूसरे टेस्ट में बड़ी पटखनी दी और 278 रनों से जीत हासिल कर तीन मैचों की सीरीज एक-एक से बराबर कर ली है। अंतिम टेस्ट मैच कोलंबो में ही 28 अगस्त से खेला जाएगा।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की अगुआई में पहली बार टीम इंडिया ने टेस्ट में जीत का स्वाद चखा। आठ माह के लंबे इंतजार के बाद कोहली को पहली और शानदार जीत नसीब हुई। लेकिन इस जीत में एक तगड़े झटके ने कोहली की पार्टी का मजा किरकिरा कर दिया है।
दरअसल, भारतीय टेस्ट कप्तान कोहली आईसीसी की जारी नई रैंकिंग में टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची से बाहर हो गए हैं। कोलंबो मैच से पहले कोहली शीर्ष 10 टेस्ट बल्लेबाजी की रैंकिंग में 10वें नंबर थे। लेकिन पहले टेस्ट में शानदार शतक और दूसरे टेस्ट में अर्धशतक लगाने के बावजूद उन्हें एक पायदान का नुकसान हुआ और खिसककर 11वें नंबर पर पहुंच गए।
जबकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ एशेज सीरीज में शानदार प्रदर्शन के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं। दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर एबी डीविलियर्स हैं जबकि एशेज सीरीज के हीरो इंग्लिश बल्लेबाज जोए रुट का तीसरा नंबर है।
इसके अलावा कोहली के लिए दूसरी बुरी खबर यह है कि दूसरे टेस्ट में रिटायर्ड हर्ट हुए रिदिमान साहा और ओपनर मुरली विजय तीसरे टेस्ट के लिए अनफिट घोषित हो गए हैं। उनके स्थान पर टीम में नमन ओझा और करुण नायर को शामिल किया गया है।