virat kohli ravi shastri
कपिल देव ने विराट कोहली की कोच की पसंद पर कहा कि कोहली की अपनी राय है। हमें हर किसी के नजरिये का सम्मान करना होगा। यह काम कठिन नहीं है। आप सिर्फ अपनी क्षमता के अनुरूप काम को बेहतरीन तरीके से करो।
सीएसी सदस्य शांता रंगास्वामी ने कहा कि कप्तान विराट कोहली अपना नजरिया रखने के हकदार हैं लेकिन भारत का अगला मुख्य कोच तीन सदस्यीय सीएसी के सामूहिक नजरिए के आधार पर चुना जाएगा जिसकी वह भी सदस्य हैं। भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान शांता ने कहा, ‘विराट कप्तान हैं और वह अपना नजरिया रखने के हकदार हैं लेकिन यह हम तीन लोगों (सीएसी) का सामूहिक नजरिया होगा जो तय करेगा कि अगला मुख्य कोच कौन होगा।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने मीडिया में आई खबरें पढ़ी हैं और मैं इस मामले में अंशुमन के नजरिये से सहमत हूं। हमें सभी पहलुओं पर गौर करना पड़ेगा मसलन कोच का अनुभव, टीम को एकजुट करने की क्षमता और यह देखना कि वह कितना अच्छा रणनीतिकार है।’ गायकवाड़ ने कहा था कि सीएसी तटस्थ रहेगा और इस प्रक्रिया में खुले दिमाग के साथ उतरेगा। शांता ने कहा, ‘इस मामले में व्यक्तिगत रुख मायने नहीं रखता, मुख्य कोच कौन होगा यह सामूहिक नजरिये पर निर्भर करेगा।’