एडिलेड टेस्ट मैच के अंतिम सत्र में ऑफ स्पिनर नाथन ल्योन की खतरनाक गेंदबाजी की बदौलत भले ही ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 48 रनों से जीत लिया हो, लेकिन यह मैच भारतीय टीम के नवोदित कप्तान विराट कोहली की साहसिक पारियों के कारण हमेशा याद किया जाएगा।
चोटिल महेंद्र सिंह धोनी की जगह पहली बार किसी टेस्ट मैच में कप्तानी करने का मौका हासिल करने वाले कोहली ने इसे अपने करिश्माई खेल से यादगार बना दिया। पहली पारी में कोहली ने भारत की ओर से उस समय शानदार शतक (115 रन) लगाया जब टीम ऑस्ट्रेलिया के 517 (7 विकेट/पारी घोषित) के जवाब में संघर्ष कर रही थी। बतौर कप्तान अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले कोहली भारत की ओर से ऐसा करने वाले चौथे कप्तान बने थे।
मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने अंतिम दिन जीत के लिए 365 रनों का मुश्किल सा लक्ष्य दिया। कोहली दूसरी पारी में जब बल्लेबाजी करने आए तो टीम उस समय संघर्ष कर रही थी लेकिन उन्होंने मुरली विजय के साथ 185 रनों की साझेदारी कर जीत की आस जगा दी। हालांकि दूसरी पारी में भी कोहली (141) के जमाए शतक के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन कोहली की दिलकश पारी ने उनके रिकॉर्ड बुक में कई अनोखे रिकॉर्ड जोड़ दिए।
कोहली ने बतौर कप्तान पहले टेस्ट में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट कोहली एडिलेड टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जमाकर बतौर कप्तान अपने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक ठोकने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 39 साल बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल के बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। चैपल ने यह रिकॉर्ड 1975-76 में ब्रिसबेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में बनाया था।
इसके अलावा उन्होंने कप्तान के रूप में अपने पहले ही टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले न्यूजीलैंड ग्राहम डाउलिंग ने 1968 में क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने कुल 244 रन (239 और 5) बनाए थे। अब यह रिकॉर्ड कोहली (256 रन) के नाम दर्ज हो गया है जिन्होंने पहली पारी में 115 और दूसरी पारी में 141 रन बनाए।
कोहली के रिकॉर्ड बुक में एक यह रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया कि उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बतौर भारतीय बल्लेबाज पहली बार किसी टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाए हैं।
53 साल बाद किसी विदेशी ने खेली ऑस्ट्रेलिया में ऐसी पारी
इंग्लैंड दौरे पर फ्लॉप रहने वाले कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली ने एडिलेड टेस्ट में जो करिश्माई पारी खेली है उसने कई रिकॉर्ड बना ही दिए हैं। पहले हमने आपको 3 रिकॉर्ड्स के बारे में बताया। आगे जो रिकॉर्ड बने हैं वो भी कम रोचक नहीं हैं।
एक दिलचस्प रिकॉर्ड तो यही है कि वह ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर 53 साल बाद किसी टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोकने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज बन गए हैं। 53 साल पहले जिस विदेशी बल्लेबाज ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा कर दिखाया उनका नाम है वेस्टइंडीज के रोशन लाल कन्हाई, जिन्होंने एडिलेड में ही 27 जनवरी, 1961 में यह कारनामा किया था।
ऑस्ट्रेलिया में कोहली दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के छठे और दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली से पहले विजय हजारे यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे। हजारे ने आज से करीब 66 साल पहले इसी मैदान पर 23 जनवरी, 1948 को ऑस्ट्रेलिया में दोनों पारियों (116 और 145 रन) में शतक लगाया था।