फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'ब्लैक कैप्स' पर जीत के बाद कोहली का बयान, इस गेंदबाज को बताया टीम का असली हीरो

Wed, 23 Jan 2019 04:53 PM IST
Sumit kumar स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विराट कोहली
विज्ञापन

कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि चोटों से जूझने वाला यह गेंदबाज इस समय फिटनेस के मामले में सर्वश्रेष्ठ स्तर पर है। शमी को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 19 रन देकर तीन विकेट झटकने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया जिससे वह 100 वनडे विकेट झटकने वाला सबसे तेज भारतीय बन गया।

विज्ञापन


हालांकि ऐसा भी दौर रहा जिसमें वह पिछले साल 'यो यो' परीक्षण में विफल रहा और कुछ निजी मुद्दों में फंसा रहा, लेकिन शमी ने इन सब को पीछे छोड़ते हुए अपने 56वें मैच में 100 विकेट झटके। बुधवार को उन्होंने छह ओवर गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल और कोलिन मुनरो के विकेट चटकाए।

कोहली ने मैच के बाद कहा, 'तेज गेंदबाजी समूह का मानना है कि वे किसी भी टीम को पस्त कर सकते हैं। उसे (शमी) को खुद की काबिलियत और अपनी फिटनेस पर भरोसा है, मैंने अपने करियर में उसे इससे ज्यादा फिट नहीं देखा। उसने टेस्ट फॉर्म को वनडे क्रिकेट में भी जारी रखा।'

विज्ञापन

चोटों के अलावा 27 साल के इस गेंदबाज को पिछले साल अपनी पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों का भी सामना करना पड़ा। वह पिछले साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले 'यो यो' फिटनेस परीक्षण में विफल हो गए थे।

शमी की वापसी की शुरूआत ऑस्ट्रेलिया से हुई जिसमें उन्होंने टेस्ट सीरीज के दौरान 16 विकेट चटकाए। कोहली ने यहां बुधवार को भारत को मिली आठ विकेट की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह टीम के ऑल राउंड प्रयास से खुश थे।

उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ मैचों में यह हमारे संतुलित प्रदर्शन में से एक था। जब मैंने टास गंवाया तो मुझे लगा कि स्कोर 300 रन से ज्यादा जायेगा लेकिन इस विकेट पर 150 के करीब रन शानदार रहे।' भारत के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट झटके जबकि युजवेंद्र चहल और केदार जाधव ने मिलकर तीन विकेट प्राप्त किये।
विज्ञापन

कोहली ने कहा, 'पारी के दूसरे हाफ में पिच धीमी हो गयी थी लेकिन पहले हाफ में स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की।'कप्तान ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की भी तारीफ की जिन्होंने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 75 रन बनाए।

वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि उनकी टीम का यह सर्वश्रेष्ठ प्रयास नहीं था। उन्होंने कहा, 'यह हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रयास नहीं था। हमने भारत के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की थी लेकिन वे बहुत ही बेहतरीन थे। सभी भारतीय गेंदबाजों ने योगदान दिया लेकिन हमें बेहतर होने की जरूरत है।'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें