श्रीलंका के साथ आगामी पांच वन डे मैचों की सीरीज का पहला मैच दांबुला में रविवार 20 अगस्त को खेला जाएगा। इस मैच में अगर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने शतक लगाया तो वह श्रीलंका के ही पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या से वन डे मैचों में शतकों के मामले में आगे हो जाएंगे। जयसूर्या ने अपने कैरियर में 445 वन डे में 28 शतक लगाए हैं।
विराट कोहली ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वन डे मैचों की सीरीज में 6 जुलाई को सबीना पार्क में 111 रनों की नाबाद पारी खेल अपना 28 वां शतक जड़ा था। अगर दांबुला में भारतीय कप्तान कोहली शतक लगाते हैं तो फिर उनके आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई रिकी पोंटिंग 30 शतक और सचिन तेंदुलकर 49 शतक ही आगे रहेंगे।